हर नागरिक को एक उपभोक्ता के रूप में रहना चाहिए सजग एवं जागरुक

राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस पर आयोजित किया गया सेमिनार, डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने की अध्यक्षता

हमीरपुर ।

राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस के उपलक्ष्य पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने मंगलवार को द उपभोक्ता संरक्षण संगठन हमीरपुर के सहयोग से यहां हमीर भवन में एक सेमिनार आयोजित किया। इसकी अध्यक्षता समाजसेवी एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने की।
इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों, द उपभोक्ता संरक्षण संगठन के पदाधिकारियों और आम उपभोक्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि हर नागरिक को एक उपभोक्ता के रूप में हमेशा सजग एवं जागरुक रहना चाहिए। किसी भी तरह की वस्तु की खरीद या विभिन्न सेवाएं प्राप्त करते समय हर उपभोक्ता के कई अधिकार होते हैं, लेकिन आम लोग इस ओर बहुत कम ध्यान देते हैं।
उन्होंने खाद्य आपूर्ति विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे आम लोगों को खाद्य वस्तुओं तथा दवाइयों की गुणवत्ता के प्रति जागरुक करने के लिए व्यापक अभियान चलाएं। विभिन्न वस्तुओं के मोल-तोल के संबंध में उपभोक्ताओं के अधिकारों के प्रति भी आम लोगों में जागरुकता बहुत जरूरी है। डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने अधिकारियों से सभी छोटी-बड़ी दुकानों मंे कैश मैमो की व्यवस्था सुनिश्चित करने के की अपील भी की, ताकि उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा हो सके।
द उपभोक्ता संरक्षण संगठन के कार्यों की सराहना करते हुए डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि इसके पदाधिकारी एवं सदस्य निस्वार्थ भाव से जनसेवा का कार्य कर रहे हैं और आम लोगों की समस्याओं को प्रशासन और सरकार के ध्यान में ला रहे हैं। डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि सेमिनार के दौरान संगठन की ओर से उठाए गए सभी मुद्दों को वह प्रशासन और सरकार के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।
इससे पहले, संगठन के अध्यक्ष पुरुषोत्तम कालिया, महासचिव मनोहर लाल कानूनगो और जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी अनीष कुमार ने मुख्य अतिथि एवं सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस के महत्व पर अपने विचार रखे। डिग्री कालेज प्राध्यापक सौरव सूद ने स्वास्थ्य सेवाओं में उपभोक्ताओं के अधिकार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मधु ने खाद्य वस्तुओं की गुणवत्ता, सैंपलिंग एवं टेस्टिंग और खाद्य आपूर्ति अधिकारी बीएस सेन ने विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
संगठन के अन्य पदाधिकारियों एसके कौड़ा, शंभू राम जसवाल, केके खन्ना, तेजनाथ, आरसी डोगरा और अन्य बुद्धिजीवियों ने भी आम लोगों से संबंधित समस्याएं उठाईं। सेमिनार में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती, नगर परिषद हमीरपुर के मनोनीत पार्षद डॉ. हर्ष कालिया और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।