हमीरपुर स्कूल के पुराने आवासीय भवन की नीलामी 15 को

हमीरपुर ।

शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर के असुरक्षित घोषित पुराने आवासीय भवन को ‘जहां है, जैसा है’ के आधार पर नीलाम किया जाएगा।
स्कूल की प्रधानाचार्य दीप्ति राणा ने बताया कि इस भवन की नीलामी की प्रक्रिया 15 अक्तूबर को सुबह 11 बजे संबंधित समिति के सदस्यों की उपस्थिति में पूर्ण की जाएगी। नीलामी में भाग लेने के इच्छुक व्यक्ति को बोली से पहले 5000 रुपये की धरोहर राशि की एफडीआर या डिमांड ड्राफ्ट समिति के पास जमा करवाना होगा। सफल बोलीदाता को भवन गिराने का कार्य आरंभ करने से पहले बीस हजार रुपये सुरक्षा एवं कार्य निष्पादन राशि के रूप में जमा करवाने होंगे और पूरे भवन का मलबा 25 दिनों में उठाना होगा। इच्छुक व्यक्ति किसी भी कार्य दिवस को सुबह 10 से सायं 4 बजे तक इस भवन का अवलोकन कर सकता है। अधिक जानकारी के लिए स्कूल के कार्यालय में भी संपर्क किया जा सकता है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।