हमीरपुर में प्राकृतिक खेती से तैयार मक्की की खरीद शुरू

हमीरपुर ।

प्राकृतिक खेती को बड़े पैमाने पर बढ़ावा देने और इस विधि से तैयार फसलों को अच्छे दाम प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा की गई विशेष घोषणा पर कार्य आरंभ कर दिया गया है। जिला हमीरपुर में प्राकृतिक खेती से उगाई गई मक्की की फसल को न्यूनतम समर्थन मूल्य 30 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदने की प्रक्रिया शुक्रवार से आरंभ कर दी गई।
पक्का भरो स्थित खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति के स्टोर के परिसर में मक्की की खरीद के शुभारंभ अवसर पर उपायुक्त अमरजीत सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर किसानों को संबोधित करते हुए अमरजीत सिंह ने कहा कि खेती में रासायनिक खाद और जहरीले कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग के कई दुष्परिणाम सामने आ रहे हैं। इसको देखते हुए प्रदेश सरकार बड़े पैमाने पर प्राकृतिक खेती को प्रेरित एवं प्रोत्साहित कर रही है। प्राकृतिक खेती में रासायनिक खाद और जहरीले कीटनाशकों का प्रयोग नहीं किया जाता है। इस विधि से तैयार फसलें जहां सेहत के लिए सुरक्षित एवं पौष्टिक होती है, वहीं इससे पर्यावरण का संरक्षण भी होता है।
उपायुक्त ने बताया कि प्राकृतिक खेती से तैयार फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित करने वाला हिमाचल प्रदेश पहला राज्य बन गया है। प्रदेश सरकार ने ऐसी फसलों के लिए ऊंचे दाम निर्धारित किए हैं। इस विधि को अपनाकर किसान अपनी आय में अच्छी बढ़ोतरी कर सकते हैं। उपायुक्त ने किसानों से आग्रह किया कि वे सामूहिक रूप से खेती करें तथा इसके लिए समूहों का गठन करें। इससे उनकी फसलों के विपणन में आसानी होगी तथा उन्हें अच्छे दाम मिलेंगे।
इस अवसर पर उपायुक्त का स्वागत करते हुए कृषि विभाग की आतमा परियोजना के परियोजना निदेशक डॉ. नितिन शर्मा ने बताया कि प्रदेश सरकार की घोषणा के अनुसार जिला हमीरपुर में प्राकृतिक खेती से तैयार मक्की की फसल को 30 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीदा जा रहा है। उन्होंने बताया कि आम तौर पर मक्की के दाम 18 से 20 रुपये प्रति किलोग्राम रहते हैं, लेकिन प्राकृतिक खेती से उगाई गई मक्की को 30 रुपये में खरीदा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पहले दिन जिला के किसानों से लगभग 51.66 क्विंटल मक्की खरीदी गई। इस अवसर पर जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक अरविंद शर्मा, आतमा के उप परियोजना निदेशक डॉ. राकेश धीमान और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।