हमीरपुर के सभी उपमंडलों और कालेजों में होगी मॉक ड्रिल

हमीरपुर।

हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) हमीरपुर इस वर्ष भी एक अक्तूबर से 15 अक्तूबर तक डिजास्टर रिस्क रिडक्शन यानि आपदा जोखिम न्यूनीकरण पर जागरुकता कार्यक्रम ‘समर्थ’ के तहत कई गतिविधियां आयोजित करेगी।
उपायुक्त एवं डीडीएमए के अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने इस दौरान जिला के विभिन्न उपमंडलों और कालेजों में मॉक ड्रिल्स भी करवाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि एक अक्तूबर को तहसील कार्यालय परिसर बिझड़ी, 3 अक्तूबर को बीबीएन कालेज चकमोह, 4 को सिद्धार्थ राजकीय डिग्री कालेज नादौन, 5 को मिनी सचिवालय नादौन, 7 को मिनी सचिवालय सुजानपुर, 8 को डिग्री कालेज सुजानपुर, 9 को मिनी सचिवालय भोरंज, 10 को आईटीआई भोरंज और होटल प्रबंधन संस्थान हमीरपुर तथा 14 अक्तूबर को एसडीएम कार्यालय परिसर हमीरपुर में मॉक ड्रिल की जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि इन मॉक ड्रिल्स के दौरान होमगार्ड्स की दसवीं वाहिनी हमीरपुर और अग्निशमन विभाग के दल बचाव कार्यों का अभ्यास करेंगे। ये दल विद्यार्थियों और आम लोगों को आपात परिस्थितियों में बचाव एवं राहत कार्यों के प्रति जागरुक करेंगे।
उपायुक्त ने सभी एसडीएम, होमगार्ड्स की दसवीं वाहिनी के कमांडेंट और सभी संबंधित कालेजों के प्रधानाचार्यों को मॉक ड्रिल्स में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।