सुरेश कुमार ने समीरपुर में किया 200 से अधिक जनसमस्याओं का निवारण

भोरंज ।

स्थानीय विधायक सुरेश कुमार ने शनिवार को समीरपुर के विश्राम गृह में क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों के लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान क्षेत्र के 200 से अधिक लोगों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें विधायक के समक्ष रखीं।
सुरेश कुमार ने बताया कि इन जनसमस्याओं में से अधिकांश का निपटारा मौके पर ही कर दिया गया। जबकि, अन्य जनसमस्याओं के अतिशीघ्र निवारण के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का जल्द निस्तारण एवं सुनियोजित विकास प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि भोरंज विधानसभा क्षेत्र के हर इलाके और हर वर्ग की जरुरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं का प्रावधान किया जा रहा है। सुरेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के सशक्त नेतृत्व में प्रदेश सरकार व्यवस्था परिवर्तन के माध्यम से हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने में अपनी पूरी क्षमता से जुटी हुई है।
इस अवसर पर कांगड़ा केंद्रीय सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल, पार्टी के अन्य नेता, पंचायत जनप्रतिनिधि, हमीरपुर के एसडीएम संजीत सिंह, डीआरडीए की परियोजना अधिकारी अस्मिता ठाकुर, बमसन की बीडीओ वैशाली शर्मा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।