सभी पात्र लोगों तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ: अमरजीत सिंह

भोरंज ।

उपायुक्त अमरजीत सिंह ने उपमंडल स्तर के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और इन योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों तक पहुंचाएं। मंगलवार को यहां मिनी सचिवालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने ये निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए अधिकारी फील्ड में शिविर आयोजित करें और पात्र लोगों की पहचान करें। उपायुक्त ने कहा कि कई बार जागरुकता के अभाव में आम लोग सरकार की कई योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाते हैं। इसलिए, फील्ड में जागरुकता पर विशेष जोर दिया जाना चाहिए।
उन्होंने विशेषकर, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री शगुन योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना और अन्य कल्याणकारी योजनाओं के शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की दिशा में कार्य करें।
उपायुक्त ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को आम लोगों के जमीन से संबंधित मामलों का निपटारा निर्धारित समय अवधि के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कृषि, बागवानी और पशुपालन विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे लोगों को अपने-अपने विभागों की विभिन्न सब्सिडी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित एवं प्रोत्साहित करें।
उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग और बिजली बोर्ड के माध्यम से जारी बड़ी ढांचागत योजनाओं के कार्यों की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि उपमंडल में विभिन्न सड़कों, सरकारी भवनों, पेयजल योजनाओं और विद्युत लाइनों के कार्य निर्धारित अवधि के भीतर पूरे होने चाहिए। अगर इन कार्यों में कोई अड़चन आ रही है तो तुरंत एसडीएम, जिला प्रशासन या स्थानीय विधायक के ध्यान में लाएं।
इस अवसर पर उपायुक्त का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए एसडीएम शशिपाल शर्मा ने कहा कि उपमंडल में सभी विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने तथा कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए जारी सभी दिशा-निर्देशों की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।