‘विधान से समाधान’ में महिलाओं के कानूनों एवं योजनाओं की दी जानकारी

हमीरपुर ।

राष्ट्रीय महिला आयोग ने राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण (नालसा) के सहयोग से शुक्रवार को यहां हमीर भवन में विधिक जागरुकता कार्यक्रम ‘विधान से समाधान’ आयोजित किया। इसकी अध्यक्षता उपमंडलीय विधिक सेवाएं समिति हमीरपुर के अध्यक्ष एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सूर्य प्रकाश ने की।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को मुफ्त कानूनी सहायता योजना, नालसा के पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर तथा अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। तेजाब हमलों, यौन उत्पीड़न, मानव तस्करी और अन्य क्रूरताओं की शिकार महिलाओं के अधिकारों की रक्षा तथा उनके कल्याण के लिए बनाए गए विभिन्न अधिनियमों एवं कल्याणकारी योजनाओं पर भी व्यापक चर्चा की गई। घरेलू हिंसा से महिलाओं की रक्षा अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, महिला कामगारों को पुरुष कामगारों के समान वेतन, नशीली दवाओं के दुरुपयोग एवं एनडीपीएस एक्ट तथा महिलाओं से संबंधित कई अन्य अधिनियमों एवं कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सूर्य प्रकाश के अलावा प्रसिद्ध मनोविज्ञानी डॉ. अनुपम शर्मा, अधिवक्ता सुनीता कुमारी और अमित शर्मा, बाल विकास परियोजना अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान और अन्य अधिकारियों ने भी प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।