रैगिंग रोकने के लिए अलर्ट रहें सभी अधिकारी और समिति के सदस्य

हमीरपुर ,

होटल प्रंबधन संस्थान (आईएचएम) हमीरपुर की एंटी रैगिंग समिति की बैठक वीरवार को संस्थान के परिसर में आयोजित की गई। हमीरपुर के एडीएम एवं संस्थान के कार्यकारी प्रधानाचार्य राहुल चौहान की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर एडीएम ने समिति के सभी सदस्यों और संस्थान के अधिकारियों को हर समय अलर्ट रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान में रैगिंग रोकने के लिए बनाए गए रैगिंग विरोधी अधिनियम में बहुत ही कड़े प्रावधान किए गए हैं। इसलिए, रैगिंग के संबंध में किसी भी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि रैगिंग से संबंधित किसी भी तरह की घटना का पता चलते ही तुरंत सूचित करें और त्वरित कदम उठाएं।
एडीएम ने कहा कि रैगिंग एक कुप्रथा है और इससे कई होनहार विद्यार्थियों की जान भी जा चुकी है। इसे रोकने के लिए बनाए गए कानून में बहुत ही सख्त प्रावधान हैं। उन्होंने बताया कि रैगिंग के आरोपी विद्यार्थी को बिना वारंट के गिरफ्तार किया जा सकता है और उसे तीन साल की सजा एवं जुर्माना हो सकता है।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष पुनीत बंटा ने संस्थान में रैगिंग रोकने के लिए किए गए विभिन्न प्रबंधों की विस्तृत जानकारी दी। समिति के सभी सदस्यों ने इन प्रबंधों पर व्यापक चर्चा की। पुनीत बंटा ने बताया कि 12 अगस्त को संस्थान में एंटी रैगिंग दिवस मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को रैगिंग के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई, रैगिंग न करने की शपथ दिलाई गई तथा रैगिंग विरोधी अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों से अवगत करवाया गया।
बैठक में डीएसपी नितिन चौहान, तहसीलदार सुभाष कुमार, समिति के अन्य सदस्य  नीलकांत भारद्वाज, विद्यार्थियों के अभिभावकों के प्रतिनिधि अरुण परवाना, समिति के अन्य सदस्यों, विद्यार्थियों के प्रतिनिधियों तथा संस्थान के अधिकारियों ने भी भाग लिया।
—–
एंटी रैगिंग सप्ताह के दौरान आयोजित की प्रतियोगिताएं

संस्थान में 12 से 18 अगस्त तक मनाए गए एंटी रैगिंग सप्ताह के दौरान नारा लेखन, निबंध लेखन और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं करवाई गईं। विद्यार्थियों को लघु वृत्त चित्र और लघु नाटक दिखाया गया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में कनिका बनियाल, अक्षय ठाकुर और प्रांजल छाजटा ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किए। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में सौरव शर्मा प्रथम, शुभम द्वितीय और अंकित राणा तृतीय रहे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।