भोरंज में भी हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा 79वां स्वतंत्रता दिवस

भोरंज 30 जुलाई

79वां स्वतंत्रता दिवस भोरंज में भी हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। एसडीएम शशिपाल शर्मा ने बुधवार को यहां मिनी सचिवालय के हॉल में अधिकारियों के साथ बैठक करके उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोरंज में आयोजित किया जाएगा। समारोह का शुभारंभ सुबह 11 बजे ध्वजारोहण के साथ किया जाएगा। इसके बाद भव्य परेड एवं मार्च पास्ट होगा, जिसमें पुलिस, एनसीसी तथा एनएसएस की टुकड़ियां भाग लेंगी। समारोह में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुत किए जाएंगे। एसडीएम ने बताया कि उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाले कर्मचारियों, अन्य लोगों तथा स्कूली बच्चों को सम्मानित भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए एसडीएम ने पुलिस, शिक्षा विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग और अन्य विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि समारोह के लिए विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेवारियां सौंपी गई हैं। सभी विभाग तत्परता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए इस गौरवमयी समारोह को सफल बनाएं। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य और सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।