बचत भवन परिसर में आम जनता को मिलेंगी सुविधाएं,कबाड़ से खाली किए गए कमरों का किया जाएगा सदुपयोग: अमरजीत सिंह

हमीरपुर।

उपायुक्त अमरजीत सिंह की विशेष पहल पर जिला के मिनी सचिवालय परिसर में सफाई, मरम्मत और सौंदर्यीकरण कार्य जोरों पर हैं। इस पूरे परिसर के कई कमरों में कई दशकों से जमा पुराने अनुपयोगी सामान एवं कबाड़ को हटाए जाने के बाद इनकी मरम्मत की जा रही है।
उपायुक्त ने बताया कि मरम्मत के बाद इन कमरों को उपयोग में लाया जाएगा, जिससे लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकेंगी। उन्होंने बताया कि बचत भवन और इसके आस-पास के क्षेत्र को आम लोगों के लिए खोला जाएगा। यहां पर जिम, आउटडोर बैडमिंटन कोर्ट, टेबल टेनिस और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसी परिसर में चलाए जा रहे क्रैच में भी अतिरिक्त सुविधाओं का प्रावधान किया जाएगा।
अमरजीत सिंह ने बताया कि कार्यालय परिसर में प्रतिदिन आने वाले आम लोगों को स्क्रीन एवं ऑडियो-विजुअल प्रणाली से सरकार की विभिन्न योजनाओं से अवगत करवाने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी तथा जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के माध्यम से कैंटीन भी चलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि परिसर में स्थापित सीएम-सैल को भी आम लोगों की सुविधाओं के अनुरूप बनाया गया है। इसके अलावा अन्य शाखाओं में भी विभिन्न व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।