प्राकृतिक खेती से उगाई 4000 क्विंटल मक्की खरीदी : सी.पालरासू

हमीरपुर ।

कृषि और बागवानी विभाग के सचिव सी.पालरासू ने कहा है कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती को बड़े पैमाने पर प्रेरित एवं प्रोत्साहित कर रही है और इस विधि से पैदा की गई फसलों को रासायनिक खादों एवं कीटनाशकों के प्रयोग से उगाई गई फसलों के मुकाबले ज्यादा दाम दे रही है। प्राकृतिक खेती से तैयार मक्की 30 रुपये और गेहूं 40 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीदी जा रही है।
मंगलवार को गांव सेरा के विश्राम गृह में आतमा परियोजना की ओर से आयोजित किसान मेले में बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए सी.पालरासू ने बताया कि प्रदेश सरकार ने लगभग 4000 क्विंटल मक्की की खरीद की है, जिससे किसानों को अच्छी आय हुई है।
उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में अभी तक लगभग 2 लाख किसान रासायनिक खाद और जहरीले कीटनाशकों को छोड़कर प्राकृतिक खेती को अपना चुके हैं और प्रदेश की लगभग 36 हजार हैक्टेयर भूमि पर प्राकृतिक खेती की जा रही है। सी.पालरासू ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कार्यभार संभालते ही ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की आय बढ़ाने की दिशा में कई बड़े निर्णय लिए हैं। प्राकृतिक खेती के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। दूध के दामों मंे भी भारी वृद्धि की गई है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती, खुशहाल किसान योजना के तहत हर विधानसभा क्षेत्र में किसान मेलों के आयोजन के निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक इसका लाभ पहुंच सके। उन्होंने सभी किसानों से आग्रह किया कि वे प्राकृतिक खेती के लिए अपना पंजीकरण करवाएं।
इससे पहले, आतमा के परियोजना निदेशक डॉ. नितिन शर्मा, उपपरियोजना निदेशक डॉ. राजेश कुमार और डॉ. राकेश धीमान ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों तथा किसानों का स्वागत किया और जिला हमीरपुर में प्राकृतिक खेती की उपलब्धियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में राज्य परियोजना निदेशक हेमिस नेगी, जाइका के परियोजना निदेशक डॉ. सुनील चौहान, एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद, जिला परिषद सदस्य संजय कुमार, जायका के वरिष्ठ सलाहकार बलजीत संधू, खंड कृषक सलाहकार समिति के अध्यक्ष कैप्टन सुनीत दत्त, सदस्य रमेश पराशर, पंचायत प्रधान सोनिया ठाकुर, उपप्रधान तिलकराज और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।