पैरा लीगल वॉलंटियरों के लिए 28 तक करें आवेदन, दैनिक मानदेय का है प्रावधान

हमीरपुर ।

जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा जिले में संचालित किए जा रहे पांच ग्राम विधिक सेवा केंद्रों में पैरा लीगल वॉलंटियरों की इम्पैनलमेंट की जाएगी। इनके लिए इच्छुक एवं पात्र लोगों से 28 जुलाई तक यहां पक्का भरो स्थित जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के एडीआर सेंटर में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि जिला हमीरपुर में गांव बोहनी, पटलांदर, भोरंज, नादौन और बड़सर में ग्राम विधिक सेवा केंद्र संचालित किए जा रहे हैं और जिला के विभिन्न विकास खंडों की ग्राम पंचायतों को इन केंद्रों के अंतर्गत लाया गया है। इनमें पैरा लीगल वॉलंटियर तैनात किए जाएंगे जोकि आम लोगों को कानूनी मदद एवं इससे संबंधित आवश्यक जानकारियां प्रदान करेंगे। राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण (नालसा) की मुफ्त कानूनी सहायता योजना और अन्य योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने तथा सभी के लिए न्याय सुलभ बनाने में पैरा लीगल वॉलंटियर्स बहुत बड़ी भूमिका अदा कर सकते हैं।
कुलदीप शर्मा ने बताया कि पैरा लीगल वॉलंटियर्स के लिए उनके कार्य दिवस के अनुसार 750 रुपये दैनिक मानदेय का प्रावधान किया गया है। आम तौर पर इन्हें हफ्ते में 2-3 दिन काम करना पड़ सकता है। यह एक स्वैच्छिक सेवा है। इसके लिए आवेदन करने वाला व्यक्ति कम से कम मैट्रिक पास होना चाहिए। ये आवेदन 28 जुलाई तक पक्का भरो स्थित जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के एडीआर सेंटर में पहुंच जाने चाहिए। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01972-224399 पर संपर्क किया जा सकता है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।