नगर निगम के कार्यालय भवन का शिलान्यास और दुकानों का उदघाटन करेंगे मुख्यमंत्री

हमीरपुर ।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू बुधवार को हमीरपुर का दौरा करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह करीब 11 बजे हमीरपुर पहुंचेंगे। थोड़ी देर के लिए सर्किट हाउस में रुकने के बाद वह करीब 11ः45 बजे बस स्टैंड के सामने रानी झांसी पार्क के पास नगर निगम की 13 दुकानों का उदघाटन करेंगे। इसके बाद वह टाउन हॉल के परिसर में नगर निगम के कार्यालय भवन का शिलान्यास भी करेंगे। शिलान्यास के बाद वह टाउन हॉल में जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर बाद मुख्यमंत्री शिमला लौट जाएंगे।
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने नगर निगम के अधिकारियों को उदघाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को भी मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।