टिक्कर में मनाई आध्यात्मिक गुरु चारीजी महाराज की 99वीं जयंती

हमीरपुर।

हार्टफुलनेस मेडिटेशन ऑर्गेनाइज़ेशन ने शुक्रवार को गांव टिक्कर के कटोच बैंक्वेट पैलेस में आध्यात्मिक गुरु चारीजी महाराज की 99वीं जयंती बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई। बीएस चंदेल और कौशल्या चंदेल के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर मुख्य अतिथि और बड़सर विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर चंद्रशेखर ने कहा कि आज के दौर में पारिस्थिकीय संतुलन को बनाए रखने और पर्यावरण के संरक्षण बहुत आवश्यकता है। पहाड़ी क्षेत्रों के पारिस्थितिकी तंत्र के असंतुलित होने और अचानक बाढ़ की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि भौगोलिक दृष्टि से जहां पारिस्थिकीय संतुलन बहुत आवश्यक है, वहीं शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से प्रत्येक व्यक्ति में भी आंतरिक संतुलन उतना ही आवश्यक है। इसे मेडिटेशन और नैतिक मूल्य आधारित जीवन शैली अपनाकर ही हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि सुभाष चंद ढटवालिया ने भी हार्टफुलनेस मेडिटेशन ऑर्गेनाइज़ेशन के प्रयासों एवं विभिन्न गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज के दौर में इस तरह की आध्यात्मिक गतिविधियों का महत्व और भी बढ़ गया है।
कार्यक्रम के दौरान हार्टफुलनेस के अन्य वक्ताओं ने भी मेडिटेशन के महत्व पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि आज की तेज़-रफ़्तार दुनिया में, खासकर युवाओं के लिए मेडिटेशन बहुत ज़रूरी हो गया है। नियमित रूप से मेडिटेशन करने वाले व्यक्ति में भावनात्मक संतुलन, विचारों में स्पष्टता और आंतरिक अनुशासन विकसित होता है। इससे युवा नशे और कई अन्य बुराइयों से भी दूर रहते हैं।
इस अवसर पर मेडिटेशन सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों को प्रेक्टिकल रूप से मेडिटेशन करवाई गई। डॉ. निष्ठा हुड्डा ने इंसानी शरीर के इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड को बैलेंस करने के लिए एक खास पोलैरिटी सेशन का संचालन किया।
डॉ. अमरजीत सिंह ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों, वॉलंटियर्स और सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद किया। कार्यक्रम में सबसे वरिष्ठ प्रतिभागी के रूप में रिटायर्ड ब्रिगेडियर आरके मैकस्यूडन और तारा मैकस्यूडन भी उपस्थित रहीं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।