आरसेटी ने चंगर की महिलाओं को सिखाया पेपर कवर और लिफाफे बनाना

हमीरपुर ।

पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) द्वारा तहसील हमीरपुर के गांव चंगर की महिलाओं के लिए आयोजित प्रशिक्षण शिविर बुधवार को संपन्न हो गया। इस शिविर में गांव की 27 महिलाओं को पेपर कवर और लिफाफे इत्यादि बनाने का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
समापन अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक के सर्कल कार्यालय के प्रमुख नीरज कुमार आनंद ने महिलाओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि आरसेटी के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं घर में ही अपने उद्यम या कारोबार चला सकती हैं। इसके लिए उन्हें बैंकों की विभिन्न ऋण एवं सब्सिडी योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। अपने उद्यम स्थापित करने की इच्छुक महिलाओं को बैंकों से ऋण दिलाने में आरसेटी के अधिकारी भी उनकी मदद कर सकते हैं। नीरज कुमार आनंद ने कहा कि अपना उद्यम या कारोबार चलाकर महिलाएं न केवल अपनी आय बढ़ा सकती हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए भी सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि पेपर कवर और लिफाफे जैसे पर्यावरण मित्र उत्पाद तैयार करके महिलाएं पर्यावरण संरक्षण में भी अपना योगदान दे सकती हैं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों, अधिकारियों तथा शिविर की प्रतिभागी महिलाओं का स्वागत करते हुए आरसेटी के निदेशक अजय कुमार कतना संस्थान की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में शिविर के मूल्यांकनकर्ता सोमदत्त शर्मा और हरबंस लाल, वित्तीय साक्षरता सलाहकार जीसी भट्टी, आरसेटी के फैकल्टी मैंबर संजय हरनोट और संस्थान के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।