आरसेटी के मुफ्त प्रशिक्षण का लाभ उठाएं महिलाएं: अमरजीत सिंह

हमीरपुर ।

उपायुक्त अमरजीत सिंह ने महिलाओं और युवाओं से आग्रह किया है कि वे मट्टनसिद्ध स्थित पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) के माध्यम से आयोजित किए जाने वाले निशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ उठाकर अपने उद्यम स्थापित करें। इससे वे अपनी आय बढ़ाने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी रोजगार दे सकते हैं।
शुक्रवार को आरसेटी के परिसर में ग्राम पंचायत भटेड़ की महिलाओं के प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि यह संस्थान स्थानीय जरूरतों और रोजगार की संभावनाओं के अनुसार लगातार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। ये प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं को घर में ही अपना रोजगार या उद्यम चलाने में काफी मददगार साबित हो सकते हैं।
उपायुक्त ने कहा कि महिलाएं अपनी आम दिनचर्या के साथ-साथ अपने हुनर एवं कौशल के बल पर छोटी-छोटी आर्थिक गतिविधियां या उद्यम चला सकती हैं। अगर इन आर्थिक गतिविधियों एवं उद्यमों को सुनियोजित ढंग से संचालित किया जाए तथा इनके उत्पादों की अच्छी मार्केटिंग एवं ब्रांडिंग की जाए तो महिलाएं हमारी अर्थव्यवस्था में बहुत बड़ा योगदान दे सकती हैं। इसके लिए महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों या सहकारी सभाओं के गठन के लिए भी प्रेरित एवं प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
आरसेटी की गतिविधियों और उपलब्धियों की सराहना करते हुए अमरजीत सिंह ने कहा कि महिलाओं द्वारा तैयार किए जाने वाले उत्पादों की ऑनलाइन मार्केटिंग की संभावनाएं भी तलाशी जानी चाहिए। इस अवसर पर उपायुक्त ने महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा संस्थान में विभिन्न प्रशिक्षण कोर्सों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
पंजाब नेशनल बैंक के सर्कल प्रमुख अरविंद सरोच, जिला अग्रणी प्रबंधक टशी नमग्याल, संस्थान के निदेशक अजय कतना, वित्तीय साक्षरता सलाहकार जीएस भट्टी और अन्य अधिकारियों ने उपायुक्त का स्वागत किया तथा आरसेटी में प्रदान की जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी।
अजय कतना ने बताया कि ग्राम पंचायत भटेड़ की महिलाओं को मशरूम की खेती का प्रशिक्षण प्रदान किया गया तथा उन्हें एक्सपोजर विजिट भी करवाई गई। प्रशिक्षण के साथ-साथ इन महिलाओं को बैंकिंग योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और ऑनलाइन बैंकिंग की जानकारी भी दी गई।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।