आरबीआई के लोकपाल ने डिजिटल ठगी के प्रति किया आगाह,बैंकों से संबंधित विभिन्न समस्याओं के निवारण की भी दी जानकारी

हमीरपुर ।

भारतीय रिजर्व बैंक के लोकपाल कार्यालय शिमला ने रिजर्व बैंक-एकीकृत लोकपाल योजना-2021 के तहत बुधवार को टौणीदेवी के खंड विकास कार्यालय में एक जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें भारतीय रिजर्व बैंक के शिमला कार्यालय के लोकपाल शिव कुमार यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए शिव कुमार यादव ने कहा कि आम लोगों के लिए डिजिटल बैंकिंग काफी सुविधाजनक साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि डिजिटल बैंकिंग के साथ-साथ कुछ सावधानियां भी बरती जानी चाहिए। क्योंकि, आजकल डिजिटल ठगी के मामले काफी ज्यादा बढ़ रहे हैं और कई अच्छे पढ़े-लिखे लोग भी ठगी के शिकार हो रहे हैं। शिव कुमार यादव ने बैंक उपभोक्ताओं के अधिकारों और विभिन्न बैंकिंग योजनाओं की जानकारी भी दी।
उप लोकपाल अनिल पंडोत्रा और लोकपाल कार्यालय के अधिकारी देविंद्र कुमार ने रिजर्व बैंक-एकीकृत लोकपाल योजना-2021 और बैंकों से संबंधित समस्याओं के निवारण की प्रक्रिया से अवगत करवाया।
इससे पहले पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) के निदेशक अजय कुमार कतना ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों तथा सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा संस्थान की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। पंजाब नेशनल बैंक के सर्कल कार्यालय के मुख्य प्रबंधक संजय धीमान ने सभी का धन्यवाद किया। जबकि, आरसेटी के शिविर की प्रतिभागी महिलाओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में स्थानीय पंचायत प्रधान रविंद्र ठाकुर, जिला अग्रणी प्रबंधक कार्यालय के प्रबंधक निखिल शर्मा, अन्य शाखाओं के प्रबंधक, वित्तीय साक्षरता सलाहकार जीसी भट्टी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।