बस्सी में युवाओं को मतदान के लिए किया प्रेरित

भोरंज ,

तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय भोरंज ने हिम एजूकेशन ट्रेनिंग सोसाइटी बस्सी में भारत निर्वाचन आयोग के जागरुकता कार्यक्रम ‘स्वीप’ के तहत एक कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के प्रशिक्षणार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए तहसील कल्याण अधिकारी बलदेव सिंह चंदेल ने कहा कि एक अप्रैल 2024 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी युवा अपने नाम मतदाता सूची मंे दर्ज करवाएं, ताकि वे आगामी लोकसभा चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों में नाम दर्ज करवाने के लिए पात्र युवा निर्धारित प्रपत्र पर 4 मई तक अपने दावे प्रस्तुत कर सकते हैं।

प्रशिक्षणार्थियों को मतदान के महत्व से अवगत करवाते हुए बलदेव सिंह चंदेल ने कहा कि भारतीय संविधान ने हमें मतदान के अधिकार के रूप में एक बहुत बड़ी ताकत प्रदान की है। इसलिए, हमें हर चुनाव में इस अधिकार का प्रयोग करना चाहिए।
उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से कहा कि वे आगामी लोकसभा चुनाव के महायज्ञ में मतदान के रूप में आहुति अवश्य डालें और अपने घर-गांव में भी लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करें।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।