फस्टे में महिलाओं को बताया मतदान का महत्व

हमीरपुर ।

पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर द्वारा नादौन उपमंडल के गांव फस्टे में महिलाओं के लिए आयोजित किए जा रहे जूट उत्पाद निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम में भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता जागरुकता कार्यक्रम ‘स्वीप’ के तहत एक जागरुकता सत्र भी आयोजित किया गया।
इस जागरुकता सत्र में आरसेटी के निदेशक अजय कुमार कतना और रिसोर्स पर्सन विनय चौहान ने प्रतिभागी महिलाओं को मतदान के महत्व से अवगत करवाया तथा उन्हें हर चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। अजय कुमार कतना ने कहा कि हमें प्रत्येक चुनाव में स्वतंत्र और निर्भय होकर तथा किसी भी प्रलोभन में आए बगैर अपने विवेक से ही मतदान करना चाहिए। इस अवसर पर महिलाओं को मतदान की शपथ भी दिलाई गई।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।