मतगणना के समय बरतें पूरी ऐहतियात और पारदर्शिता: श्याम लाल पूनिया

मतगणना सुपरवाइजरों, मतगणना सहायकों और माइक्रो ऑब्जर्वरों को दिए निर्देश

हमीरपुर ।

हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सामान्य पर्यवेक्षक ने जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों के मतगणना केंद्रों पर तैनात होने वाले मतगणना सुपरवाइजरों, मतगणना सहायकों और मतगणना सहायक निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे मतगणना के कार्य को पूरी ऐहतियात और पारदर्शिता के साथ पूर्ण करें तथा हर स्तर पर भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करें।
सोमवार को बहुतकनीकी महाविद्यालय बड़ू के सभागार में पांचों विधानसभा क्षेत्रों के अधिकारियों के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान श्याम लाल पूनिया ने ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी मतगणना से संबंधित दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन करें, ताकि मतगणना के दौरान कोई भी अनावश्यक समस्या उत्पन्न न हो और इस पूरी प्रक्रिया को सुचारू ढंग से पूर्ण किया जा सके।
इस अवसर पर जिलाधीश एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी अमरजीत सिंह, एडीसी मनेश यादव, निर्वाचन विभाग के तहसीलदार उपेंद्रनाथ शुक्ला, नायब तहसीलदार दीपक महाजन और राजेश कौंडल, प्रोग्रामर निखिल भारद्वाज और अन्य अधिकारियों ने भी मतगणना की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में पांचों विधानसभा क्षेत्रों के लगभग 550 अधिकारियों ने भाग लिया।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।