हमीरपुर,
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि बड़सर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा में शामिल हुए पूर्व निर्दलीय प्रत्याशी संजीव शर्मा का पार्टी में स्वागत है। उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा एवं विश्व हिंदू परिषद में विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने कार्य किया है। 2022 के विधानसभा चुनाव में जिस प्रकार परिस्थितियों बनी तो उन्हें निर्दलीय चुनाव लड़ना पड़ा।
अब लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को मजबूत करने के लिए उन्होंने भाजपा का दामन थामा है। संजीव शर्मा ने पार्टी के आग्रह को स्वीकार करते हुए भाजपा का दामन थामा है। गत दिनों उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के आवास समीरपुर में जाकर विधिवत रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। राजीव बिंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संजीव शर्मा एवं उनकी टीम का पार्टी में खुले दिल से स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि बड़सर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी इंद्रदत्त लखनपाल के पक्ष में संपूर्ण बीजेपी टीम कार्यरत रहेगी एवं पार्टी को जीत दिलाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि संजीव शर्मा को भाजपा का यह आश्वासन है कि पार्टी उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी एवं उनके अनुभव का उपयोग प्रदेश हित एवं पार्टी हित में करेगी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दृष्टि से जैसे-जैसे चुनाव आगे बढ़ रहा है, हम उम्मीद कर रहे हैं कि हिमाचल प्रदेश के मुखिया माननीय मुख्यमंत्री जी कुछ कहेंगे कि उन्होंने हिमाचल के लिए क्या किया है और जनता के बीच में जाकर बताएंगे कि हमने यह काम किया है? लेकिन बड़े खेद के साथ कहना पड़ रहा है कि आज कल उनके जो बयान आते रहते हैं, वे बड़े चिंताजनक है।

राजीव बिंदल ने कहा कि गत दिनों मुख्यमंत्री ने जो बयान दिया कि कोई डायरेक्ट है कोई एक्टर है, कोई अच्छा डायरेक्ट नहीं है जिस कारण फिल्म फ्लॉप होने जा रही है तो प्रदेश की जनता माननीय मुख्यमंत्री से यह नहीं जानना चाहती है कि कौन अच्छा एक्टर है, कौन अच्छा डायरेक्टर है? हिमाचल की जनता मुख्यमंत्री से जानना चाहती है कि गत डेढ़ वर्ष में जो हिमाचल के डेढ़ हजार से ज्यादा संस्थान बंद किए गए उसके पीछे क्या कारण है? हिमाचल की जनता जानना चाहती है कि जो उन्होंने कहा था की पहली कैबिनेट में प्रदेश के बेरोजगार एक लाख युवाओं को रोजगार प्रदान किया जाएगा उसका क्या बना? जो झूठा दिलासा दिया था कि हम नौकरी देंगे वह नौकरी कहां गई? अब तो नौकरी देने वाला संस्थान भी बंद हो गया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने इस अवसर पर चुटकी लेते हुए कहा कि जनता आपसे गंभीर मुद्दों पर सवाल पूछ रही है और आप ‘ढिंका चिका’ कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कहा था कि प्रत्येक घर से महिलाओं को1500 दिए जाएंगे। एक महिला को 1500, 2 महिला को 3 हजार, 3 महिला 4500 रुपए और चार महिलाएं एक घर में हो तो 6000 आपके खाते में आएगा। विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी ने भी कहा था कि महिलाओं के खाते में 1500 रूपए प्रति माह दिया जाएगा। कहा था कि यह पहली कैबिनेट से ही दिया जाएगा और अब फॉर्म भरवाए जा रहे हैं। एक पैसा नहीं मिला। अब जबकि दूसरा चुनाव प्रदेश में आ गया है तो फिर से फार्म भरवा जा रहे हैं।
प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि पहले वाले 2022 के फॉर्म कहां पड़े हैं। कौन से कबाड़ी की दुकान पर रद्दी बेची है एवं 2024 में इन फार्मो को बेचने का ठेका किस कबाड़ी को दिया गया है? राजीव बिंदल ने कहा कि विकास कार्यों को डेढ़ वर्ष में विराम सा लगा दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। 25 हजार करोड़ रुपए का कर्ज गत डेढ़ वर्ष में लिया गया है, जबकि विकास के नाम पर एक फूटी कौड़ी तक खर्च नहीं पाए हैं। उन्होंने कहा कि पूरा डेढ़ वर्ष मात्र भाजपा को गाली देते हुए ही बिता दिया गया है और अब चुनाव में दोबारा भाजपा को गाली देकर अपनी राजनीति चमका रहे हैं।
जनता जानना चाहती है कि आपका एजेंडा क्या है? क्या आपका एजेंडा मात्र भाजपा को गाली देना है? आपका एजेंडा पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को गाली देना है? आपका एजेंडा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को गाली देना है? उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह हिंदू विचारधारा को हराने की बातें कर रहे हैं एवं कांग्रेस ने जो अपना घोषणा पत्र लोकसभा चुनाव के लिए जनता के समक्ष रखा है उसमें वे मात्र अल्पसंख्यक वर्ग को रिझाने का प्रयास कर रहे हैं। अल्पसंख्यकों की भलाई के लिए, उनकी चिंता के लिए 15 पन्नों का लंबा चौड़ा शगूफा तैयार किया गया है। विशेषकर कांग्रेस ने घोषणा पत्र में लिखा है कि वह बहुसंख्यकवाद के खिलाफ हैं एवं इसे देश प्रदेश में से नहीं चलने देंगे। बहुसंख्यक का अर्थ है हिंदू बहुसंख्यक, यानी उसको हम नहीं चलने देंगे। यह कांग्रेस के घोषणा पत्र के ऊपर रंगीन अक्षरों में लिखा गया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राम भक्त होने का दावा कर रहे हैं जबकि उनके द्वारा ही अदालत में एफिडेविट दिया गया था कि भगवान राम का कोई अस्तित्व नहीं है। भगवान राम नाम की कोई वस्तु नहीं है, मात्र काल्पनिक गाथा है। कांग्रेस ने राम के अस्तित्व को चुनौती दी एवं उनकी राम जन्मभूमि को भी चुनौती दी।
Author: Himachal Samvaad











