अपने दायित्वों को बारीकी से समझें माइक्रो ऑब्जर्वर: श्याम लाल पूनिया

भारत निर्वाचन आयोग के सामान्य पर्यवेक्षक ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में दिए निर्देश

हमीरपुर ।

हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सभी 17 विधानसभा क्षेत्रों के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा सामान्य पर्यवेक्षक के रूप में तैनात वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्याम लाल पूनिया ने क्रिटिकल मतदान केंद्रों और अन्य मतदान केंद्रों पर नियुक्त होने वाले माइक्रो ऑब्जर्वरों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने दायित्वों को गंभीरता एवं गहनता के साथ समझें और एक जून को अपने-अपने मतदान केंद्रों की एक-एक रिपोर्ट प्रेषित करें।
सोमवार को यहां हमीर भवन में जिला हमीरपुर के माइक्रो ऑब्जर्वरों के प्रथम प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर श्याम लाल पूनिया ने ये निर्देश दिए। इस प्रशिक्षण में विधानसभा क्षेत्र धर्मपुर, देहरा और जसवां-परागपुर के सहायक निर्वाचन अधिकारियों और माइक्रो ऑब्जर्वरों ने भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।
सामान्य पर्यवेक्षक ने कहा कि माइक्रो ऑब्जर्वरों को मतदान टीमों के साथ ही रवाना किया जाएगा। उन्हें मतदान केंद्रों की व्यवस्था की रिपोर्ट प्रेषित करनी होगी तथा वहां पर निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करनी होगी।

श्याम लाल पूनिया ने सहायक निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मतदान टीमों के रवानगी स्थल पर डैमो के लिए एक मॉडल पोलिंग बूथ भी स्थापित करें, ताकि मतदान टीमें और माइक्रो ऑब्जर्वर इसी तर्ज पर बूथ बना सकें। उन्होंने कहा कि बूथ की स्थापना के अलावा मॉक पोल, उम्मीदवारों के एजेंटों की एंट्री और अन्य व्यवस्थाओं के लिए भी निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नियमों की अक्षरशः अनुपालना होनी चाहिए।
इस अवसर पर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधीश अमरजीत सिंह, एडीसी मनेश यादव और निर्वाचन विभाग के तहसीलदार उपेंद्रनाथ शुक्ला ने भी माइक्रो ऑब्जर्वरों को मतदान केंद्रों से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। अमरजीत सिंह ने बताया कि इसी माह के अंत में माइक्रो ऑब्जर्वरों के लिए एक और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।