मुख्यमंत्री रहते जयराम ठाकुर को नहीं आई हमीरपुर की याद : मुख्यमंत्री

हमीरपुर।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर निशाना साधा है। हमीरपुर में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि जयराम ठाकुर को मुख्यमंत्री रहते 2017 से 2022 तक हमीरपुर जिला और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की याद नहीं आई। जिस जिला ने दो बार धूमल को मुख्यमंत्री बनाया, जयराम ने अपनी सरकार में हमीरपुर से एक भी मंत्री नहीं बनाया।

अब जयराम उपचुनाव में बिकाऊ विधायकों की हार टालने के लिए प्रेम कुमार धूमल के पास चक्कर काट रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते जयराम हमीरपुर की सुध लेते और धूमल से मिलते तो हमीरपुर का नया बस स्टैंड बन गया होता। मुख्यमंत्री बनने के बाद जयराम न तो धूमल से मिले न कभी उनसे सलाह ली। हमीरपुर बस स्टैंड का जो नींव पत्थर वर्षों पहले रखा गया था, उसके लिए मैंने 28 करोड़ रुपये की पहली किश्त जारी की। बस स्टैंड का काम अब तेजी से चल रहा है।
जयराम अब हमीरपुर आकर नौटंकी कर रहे हैं ताकि लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव में उनकी नाक बच सके। जयराम ने धनबल से कांग्रेस के विधायक खरीदकर लोकतंत्र की हत्या की है। प्रदेश की जनता जागरूक है, वह खुद तय करेगी कि उन्हें बिकाऊ विधायक चाहिए या जनसेवक।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस मजबूत है और लोकसभा चुनाव में अपने विधायकों को भी उतारने जा रही है। कांग्रेस ने 15 महीने के कार्यकाल में ओपीएस, महिलाओं को 1500 रुपये, युवाओं को रोजगार, दूध पर एमएसपी, सुख आश्रय योजना के अलावा अनेक बड़े काम किये हैं। 5 गारंटियों को पूरा किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन धर्म में बीफ खाना पाप है। इसकी हमारे धर्म में इजाजत नहीं है। अगर किसी ने बीफ खाने की बात कही है तो वह ही उसके बारे में बता सकता है। देश के पहले प्रधानमंत्री कौन थे, इसके बारे में कंगना रनौत ही जवाब दे सकती हैं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।