भीषण गर्मी में भी फील्ड में लगातार निरीक्षण कर रहे हैं सामान्य पर्यवेक्षक श्याम लाल पूनिया

हमीरपुर ।

संसदीय क्षेत्र 3-हमीरपुर के सामान्य पर्यवेक्षक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्याम लाल पूनिया भीषण गर्मी में भी फील्ड में लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। बुधवार को उन्होंने ऊना जिले में स्थैतिक निगरानी टीमों (एसएसटी) द्वारा लगाए गए नाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां निगरानी दलों की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। सामान्य पर्यवेक्षक ने पंडोगा, आशापुरी और मैहतपुर बैरियर समेत विभिन्न जगहों का दौरा कर वहां तैनात स्थैतिक निगरानी दलों की कार्यप्रणाली जांची। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी उपायुक्त जतिन लाल उनके साथ रहे।

श्याम लाल पूनिया ने कहा कि मतदान को अब केवल दो दिन शेष हैं। स्वच्छ, निष्पक्ष एवं भयमुक्त चुनाव के लिए जरूरी है कि चुनाव से पूर्व की इस अवधि में अतिरिक्त चौकसी बरती जाए। बिना दस्तावेजों के 50 हजार से अधिक की नकदी, बहुमूल्य आभूषण, शराब और मादक पदार्थ इत्यादि को लेकर सर्तक रहें। विशेषकर सीमांत नाकों पर खास सावधान रहें। हर आवाजाही पर कड़ी नजर रखें तथा वाहनों की सघन चेकिंग करें। बता दें, ऊना जिले में चुनावी निगरानी के लिए 15 उड़न दस्ते तथा 17 स्थैतिक निगरानी टीमें लगातार फील्ड में हैं।

उसके उपरांत सामान्य पर्यवेक्षक ने डिग्री कालेज ऊना में बनाए मतगणना केंद्रों का किया निरीक्षण कर वहां व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने वहां ईवीएम-वीवीपैट स्ट्रांग रूम, मतगणना स्थल पर बैरिकेडिंग, समुचित सुरक्षा व्यवस्था समेत सभी इंतजामों का स्वयं बारीकी से अवलोकन किया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।