निर्वाचन आयोग के सामान्य पर्यवेक्षक ने किया स्ट्रांग रूम्स और मतदान केंद्रों का निरीक्षण

हमीरपुर।

लोकसभा आम चुनाव-2024 और विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर संसदीय क्षेत्र 3-हमीरपुर के अंतर्गत आने वाले 5 जिलों के 17 विधानसभा क्षेत्रों के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा सामान्य पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किए गए वर्ष 2010 बैच के आईएएस अधिकारी श्याम लाल पूनिया ने बिलासपुर जिले के श्री नैनादेवी जी विधानसभा क्षेत्र और झंडूता विधानसभा क्षेत्र तथा हमीरपुर जिले के भोरंज विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने इन तीनों विधानसभा क्षेत्रों के स्ट्रांग रूम्स और कुछ मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया तथा इनमें विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्हांेने सहायक निर्वाचन अधिकारियों और अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे निर्वाचन संबंधी सभी प्रक्रियाओं में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करें।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।