नादौन उपमंडल में उड़न दस्ते ने जब्त की दो गाड़ियां, दोनों गाड़ियों के माध्यम से बांटी जा रही थी मुफ्त दवाईयां

दवाईयांे के अलावा कोई अन्य आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली
सी-विजिल ऐप पर की गई शिकायत में लगाए थे प्रचार के आरोप

हमीरपुर ,

लोकसभा आम चुनाव-2024 और विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर जिला में आदर्श आचार संहिता की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करने तथा किसी भी तरह की शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई के लिए पांचों विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय हैं। बुधवार को भारत निर्वाचन आयोग के सी-विजिल ऐप पर शिकायत मिलते ही तुरंत हरकत में आई नादौन विधानसभा क्षेत्र की एफएसटी (फ्लाइंग स्क्वैड टीम) ने राजनौण धनेटा के पास एक संस्था हंस फाउंडेशन की गाड़ी को जब्त कर लिया। गांव बूणी में भी इसी संस्था की एक अन्य गाड़ी जब्त कर ली गई।
भारत निर्वाचन आयोग के व्यय पर्यवेक्षक डॉ. कुंदन यादव ने बताया कि आयोग के सी-विजिल ऐप पर मिली शिकायत में इन दोनों गाड़ियों के माध्यम से दवाईयों के वितरण की आड़ में चुनाव प्रचार के आरोप लगाए गए थे।
नादौन विधानसभा क्षेत्र के सहायक व्यय पर्यवेक्षक से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार इन दोनों गाड़ियों के माध्यम से लोगों को मुफ्त दवाईयां बांटी जा रही थीं। गाड़ियों की गहन जांच की गई तथा इनकी पूरी वीडियोग्राफी भी की गई। इनमें दवाईयों के अलावा कोई भी अन्य आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली।
एफएसटी के प्रभारी दिली मोहम्मद की रिपोर्ट के अनुसार जब दोनों वाहनों के चालकों और दवाईयां बांट रहे कर्मचारियों से इनकी परमिशन के बारे में पूछा गया तो उनके पास किसी भी तरह की अनुमति नहीं थी। एफएसटी के प्रभारी दिली मोहम्मद ने दोनों गाड़ियों की जांच, वीडियोग्राफी और जब्त करने संबंधी सूचना सहायक व्यय पर्यवेक्षक के माध्यम से भारत निर्वाचन आयोग के व्यय पर्यवेक्षक को प्रेषित कर दी है।
भारत निर्वाचन आयोग के व्यय पर्यवेक्षक डॉ. कुंदन यादव ने बताया कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सभी 17 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव के दौरान धनबल और बाहुबल के प्रयोग को रोकने के लिए कड़ी नजर रखी जा रही है।
उन्होंने आम लोगों से आग्रह किया कि वे अपने क्षेत्र में किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की सूचना टॉल फ्री नंबर 1950 या भारत निर्वाचन आयोग के सी-विजिल ऐप पर कर सकते हैं। इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग के व्यय पर्यवेक्षक के मोबाइल नंबर 9317674331 पर भी शिकायत कर सकते हैं।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।