सभी वाहनों की हो रही चैकिंग, एसएसटी ने व्यय पर्यवेक्षक का वाहन भी किया चैक

हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के व्यय पर्यवेक्षक डॉ. कुंदन यादव ने टीम की पीठ थपथपाई

हमीरपुर ।

लोकसभा आम चुनाव और विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर प्रदेश में लागू आदर्श आचार संहिता की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए, चुनाव में धनबल और बाहुबल के प्रयोग को रोकने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्वक संपन्न करवाने के लिए हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में भी भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार कड़े प्रबंध किए गए हैं। इसी के तहत अलग-अलग टीमें 24 घंटे कार्य कर रही हैं।
स्टैटिक सर्विलांस टीमें (एसएसटी) भी महत्वपूर्ण स्थानों पर नाके लगाकर हर वाहन की चैकिंग कर रही हैं। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के लिए व्यय पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी डॉ. कुंदन यादव वीरवार को जब नादौन से ऊना की ओर जा रहे थे तो जिला ऊना की सीमा पर तैनात स्टैटिक सर्विलांस टीम ने उनके वाहन को भी चैकिंग के लिए रोका। स्टैटिक सर्विलांस टीम ने चैकिंग के बाद ही वाहन को ऊना की ओर जाने दिया।
स्टैटिक सर्विलांस टीम के इस कदम की व्यय पर्यवेक्षक डॉ. कुंदन यादव ने काफी सराहना की तथा टीम के सभी सदस्यों का उत्साहवर्द्धन किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में धनबल और बाहुबल का प्रयोग रोकने के लिए हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में भी भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कड़ी नजर रखी जा रही है। इसके लिए हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी 17 विधानसभा क्षेत्रों में भी अलग-अलग टीमें 24 घंटे अलर्ट पर रखी गई हैं।
डॉ. कुंदन यादव ने बताया कि वीरवार को वह औचक निरीक्षण के लिए नादौन से ऊना की ओर जा रहे थे तो ऊना जिले की सीमा पर उनके वाहन को भी चैकिंग के लिए रोका गया तथा चैकिंग के बाद ही आगे जाने दिया गया। संसदीय क्षेत्र के अन्य क्षेत्रों में तैनात अन्य स्टैटिक सर्विलांस टीमों को भी इसी तरह कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।