वनों और वन्य प्राणियों को आग से बचाने के लिए आगे आएं सभी लोग

हमीरपुर ।

वनों में आग की घटनाओं की लगातार बढ़ती संख्या पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए उपायुक्त अमरजीत सिंह ने सभी जिलावासियों से बहुमूल्य वन संपदा और वन्य प्राणियों के संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की है।
वनों में आग की समस्या के संबंध में शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय में दरखास्त लेकर पहुंची नगर परिषद हमीरपुर के वार्ड नंबर-1 की एक महिला उषा देवी की वन्य प्राणियों के प्रति गहरी संवेदना की सराहना करते हुए उपायुक्त अमरजीत सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य की अमूल्य वन संपदा और वन्य प्राणियों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ हफ्तों से जिला भर के जंगल जिस तरह आग की चपेट में आ रहे हैं, उससे केवल जिला का हरित आवरण ही नष्ट नहीं हो रहा है, बल्कि कई वन्य जीव भी आग की भेंट चढ़ रहे हैं।
उपायुक्त ने कहा कि हमीरपुर शहर की एक आम महिला ने इन वन्य प्राणियों के प्रति गहरी संवेदना का परिचय देते हुए इनकी रक्षा की गुहार लगाई है जोकि अपने आप में एक मिसाल है। अमरजीत सिंह ने कहा कि सभी जिलावासियों से इस आम महिला से सीख लेनी चाहिए तथा वनों को आग से बचाने के लिए अपने स्तर पर हरसंभव योगदान देना चाहिए।
उन्होंने सभी जिलावासियों से वनों की रक्षा के लिए आगे आने तथा वन संरक्षण अभियान को जन आंदोलन का रूप देने की अपील की है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।