व्यय रजिस्टर में सभी खर्चों की सही एंट्री सुनिश्चित करें प्रत्याशी

तीसरे एवं अंतिम निरीक्षण के दौरान व्यय पर्यवेक्षक आनंद कुमार ने दिए निर्देश

हमीरपुर ।

विधानसभा क्षेत्र 38-हमीरपुर के उपचुनाव के लिए भारत निर्वाचन आयोग के व्यय पर्यवेक्षक वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी आनंद कुमार ने सभी प्रत्याशियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने चुनाव प्रचार से संबंधित सभी गतिविधियों के खर्चों की एंट्री व्यय रजिस्टरों में करवाना सुनिश्चित करें, ताकि शैडो रजिस्टरों के साथ इनका सही मिलान हो सके। सोमवार को यहां हमीर भवन में सभी प्रत्याशियों के व्यय रजिस्टरों के तृतीय निरीक्षण के दौरान आनंद कुमार ने ये निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया की समाप्ति के बाद एक महीने के भीतर प्रत्याशियों को अपने खर्च का पूरा विवरण जमा करवाना होता है। इसके लिए प्रत्याशियों के व्यय रजिस्टर और अधिकारियों की व्यय निगरानी टीमों द्वारा तैयार किए गए शैडो रजिस्टर का सही मिलान बहुत जरूरी होता है। इसलिए, सभी प्रत्याशी निर्धारित समय सीमा के भीतर इन रजिस्टरों का मिलान करवाकर अपने खर्चों के विवरण को अंतिम रूप दे दें। आनंद कुमार ने कहा कि अगर प्रत्याशियों या उनके एजेंटों को कोई शंका हो तो वे सहायक व्यय पर्यवेक्षक, अकाउंटिंग टीम या सीधे व्यय पर्यवेक्षक से भी संपर्क कर सकते हैं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।