भाजपा को हिमाचल में भारी बहुमत, मोदी बनेंगे फिर प्रधानमंत्री : सुरेश कश्यप

सिरमौर/सोलन ,

भाजपा को हिमाचल प्रदेश की चारों लोक सभा सीटों पर जनता के आशीर्वाद से भारी बहुमत मिलने का पूर्ण विश्वास है, जिससे कमल एक बार फिर खिलेगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 400 सीटों के साथ लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। भारतीय जनता पार्टी लोकसभा सांसद एंव प्रत्याशी सुरेश कश्यप ने पच्छाद और सोलन विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने राज्य में त्रासदी और विकास के लिए भेजे गए पैसों का दुरूपयोग किया और अपने चहेतो में बंदरबांट किया है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित लोगों तक उस राशि को नहीं पहुंचने दिया जिन्हें उनकी असल में आवश्यकता थी। कांग्रेस सरकार ने पीड़ितों को बेसहारा छोड़ दिया, जबकि भाजपा पीड़ितों के साथ कंधा से कंधा मिलाकर खड़ी रही। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह ने हरसंभव मदद उपलब्ध कराई है।

सांसद कश्यप ने कहा कि कांग्रेस का झूठ अब सामने आने वाला है हर बात पर रोने वाली कांग्रेस अपने आने वाले कार्यकाल में भी मात्र रोने का ही कार्य करेगी। इसलिए हिमाचल के जागरूक मतदाताआें को अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए इस झूठी सरकार को निकाल बाहर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी चाशनी में जहर देने का काम कर रही है और दलित, पिछड़ों और आदिवासियों के आरक्षण पर डाका डालने का प्रयास कर रही है। भारतीय जनता पार्टी जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए कटिबद्ध है और किसी भी सूरत में एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के आरक्षण को छीनने नहीं देगी। उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं, जिनके नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर इंडी गठबंधन के रूप में भ्रष्टाचारियों का जमावड़ा है जिसे देश की महान संस्कृति से नफरत है। तृणमूल कांग्रेस, कांग्रेस, झारखंड सरकार और आम आदमी पार्टी के कई नेता भ्रष्टाचार में लिप्त पाए गए हैं। ममता बनर्जी के मंत्रियों के घरों से पैसे बरामद हुए हैं, कांग्रेस के सांसद के घर से 365 करोड़ से ज्यादा रुपए मिले हैं, झारखंड के मंत्री के पीए के घर में 29 करोड़ रुपए कैश मिले हैं और अरविंद केजरीवाल शराब घोटाले में जेल से बेल पर हैं। राहुल गांधी खुद जमानत पर चल रहे हैं।

कश्यप ने कहा कि कांग्रेस सरकार सीमा पर सड़क बनाने से डरती थी कि दुश्मन आ जाएगा, लेकिन मोदी ने बॉर्डर इंफ्रास्ट्रक्चर की नई कहानी लिखी है और अटल टनल को भी पूरा कराया है। कांग्रेस ने देश को अनपढ़ कहा, जबकि आज हर भारतीय डिजिटल ट्रांजेक्शन कर रहा है और दुनिया में 40 प्रतिशत डिजिटल ट्रांजेक्शन भारत में हो रहे हैं। पहले जाति, धर्म और क्षेत्र के नाम पर वोट मांगे जाते थे, लेकिन आज विकासवाद की राजनीति हो रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पॉलिटिक्स ऑफ़ परफॉरमेंस की कार्यसंस्कृति प्रतिष्ठित हुई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नारीशक्ति के सम्मान के लिए कई कदम उठाए हैं। 2027 के हिमाचल विधानसभा चुनाव और 2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं की 33 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में किसी आतंकवादी या पथराव करने वाले किसी व्यक्ति के परिजन को सरकारी नौकरी नहीं मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार ने आतंकवादियों को निशाना बनाने के साथ-साथ आतंकी ढांचे को भी समाप्त कर दिया है, जिससे देश में आतंकी घटनाओं में काफी कमी आई है। यह निर्णय लिया गया है कि यदि कोई व्यक्ति किसी आतंकवादी संगठन से जुड़ता है, तो उसके परिवार के किसी भी सदस्य को सरकारी नौकरी नहीं मिलेगी। पथराव में शामिल व्यक्ति के परिवार के सदस्य को भी कोई सरकारी नौकरी नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता की सेवा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत है और देश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।