8वीं मैगा मॉक एक्सरसाइज के लिए सभी तैयारियां पूरी, डीसी ने दिए निर्देश

हमीरपुर ।

बाढ़ और भूस्खलन जैसी आपदा से बचाव एवं प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने के अभ्यास के लिए शुक्रवार को प्रदेश भर में आयोजित की जा रही मैगा मॉक एक्सरसाइज के लिए जिला हमीरपुर में भी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने बताया कि राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के तकनीकी सहयोग से आयोजित की जा रही यह आठवीं मैगा मॉक एक्सरसाइज शुक्रवार को सुबह 9 बजे से आरंभ होगी। मैगा मॉक एक्सरसाइज के दौरान जिला के पांचों उपमंडलों में बाढ़ और भूस्खलन से बचाव एवं प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने का अभ्यास किया जाएगा।
अमरजीत सिंह ने बताया कि इस कार्य को एक सुनियोजित एवं प्रभावी ढंग से अंजाम देने के लिए प्रत्येक उपमंडल में स्टेजिंग एरिया स्थापित किया जाएगा और वहीं से सभी संसाधनों का सदुपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्हांेने बताया कि हमीरपुर उपमंडल में दोसड़का के पुलिस मैदान में स्टेजिंग एरिया स्थापित किया जाएगा। इसी प्रकार सुजानपुर के सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मैदान में, भोरंज उपमंडल के जाहू में, बड़सर उपमंडल में राजकीय महाविद्यालय बड़सर और नादौन में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान गौना के मैदान में स्टेजिंग एरिया बनाया जाएगा। इन्हीं स्थानों से बचाव एवं राहत कार्यों को संचालित किया जाएगा तथा चिह्नित साइटों से लोगों को शिफ्ट किया जाएगा। इसके अलावा सभी स्कूलों में भी मॉक एक्सरसाइज की जाएगी।
उपायुक्त ने जिला में आपदा प्रबंधन एवं इंसीडेंस रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) यानि घटना प्रतिक्रिया तंत्र से संबंधित सभी विभागों को इस मैगा मॉक एक्सरसाइज में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
——
मुख्य सचिव को मॉनसून सीजन से संबंधित तैयारियों से करवाया अवगत
मॉनसून सीजन के दौरान किसी भी तरह की आपात परिस्थिति से निपटने की तैयारियों के संबंध में वीरवार दोपहर बाद वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक के दौरान उपायुक्त एवं डीडीएमए के अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने प्रदेश के मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना को विभिन्न प्रबंधों से अवगत करवाया। इस बैठक में एसपी भगत सिंह और जिला में आपदा प्रबंधन से संबंधित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।