भाग-दौड़ भरी जिंदगी में स्वस्थ रहने के लिए योग को अपनाएं: पवन शर्मा,अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया योगाभ्यास

हमीरपुर ।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य पर आयुष विभाग ने शुक्रवार को यहां बचत भवन में जिला स्तरीय समारोह एवं योगाभ्यास सत्र आयोजित किया। इस कार्यक्रम में नेहरू युवा केंद्र और अन्य संस्थाओं ने भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।
मुख्य अतिथि सहायक आयुक्त पवन कुमार शर्मा ने दीप प्रज्जवलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिलावासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई देते हुए सहायक आयुक्त ने कहा कि वर्तमान दौर की भाग-दौड़ एवं व्यस्तताओं से भरी जिंदगी में शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए योग बहुत जरूरी है। इसे हमें अपनी दिनचर्या में अवश्य शामिल करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान योगाभ्यास सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न संस्थाओं के कार्यकर्ताओं ने योगासन एवं प्राणायाम किया। आयुष विभाग की डॉ. चारू शर्मा और पूजा शर्मा ने योगाभ्यास सत्र का संचालन किया।

जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. देस राज वर्मा ने मुख्य अतिथि, अन्य गणमान्य अतिथियों तथा सभी प्रतिभागियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया तथा योग को प्रोत्साहित करने के लिए आयुष विभाग की ओर से आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को हमीरपुर के बचत भवन के अलावा जिले भर में 11 अन्य स्थानों पर भी योगाभ्यास सत्र आयोजित किए गए। इसके अलावा जिले के सभी आयुर्वेदिक अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में भी लगभग एक माह से योग से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
कार्यक्रम में डीएसपी सुनील दत्त ठाकुर, जिला राजस्व अधिकारी जसपाल सिंह, नेहरू युवा केंद्र की युवा अधिकारी दीपमाला ठाकुर और अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।