11 अप्रैल को होगी भारतीय जनता पार्टी की विशाल जनसभा : देशराज शर्मा

हमीरपुर,
भारतीय जनता पार्टी द्वारा एक विशाल जनसभा का आयोजन आगामी 11 अप्रैल को हमीरपुर जिला मुख्यालय के ऐतिहासिक गांधी चौक में होगा। यह जानकारी जिला भाजपा अध्यक्ष देशराज शर्मा ने सोमवार को यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव एवं हिमाचल प्रदेश के विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा मैदान में उतर चुकी है एवं बूथ स्तर से लेकर मंडल व जिला स्तरीय कार्यक्रम लगातार जारी हैं।

उन्होंने कहा कि 11 अप्रैल को गांधी चौक की विशाल जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के निवर्तमान सांसद अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, हमीरपुर जिला के सभी पूर्व विधायक, वर्तमान भाजपा प्रत्याशी, प्रदेश व जिला भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे। हाल ही में कांग्रेस पार्टी को अलविदा करके भाजपा में शामिल हुए विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, आशीष शर्मा एवं राजेंद्र राणा भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उन्होंने सभी पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने का आवाहन किया है। देशराज शर्मा ने कहा कि 10 अप्रैल, 2024 को हमीरपुर जिला के समीरपुर में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल जी का जन्मदिवस भी बड़ी धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा केक काटकर व मिठाइयां बांटकर बधाई दी जाएगी। कार्यक्रम में विशेष रूप से 81 कन्याओं का पूजन होगा एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल जी का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। वहीं, भाजपा युवा मोर्चा द्वारा गांधी चौक में रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जाएगा।

इसमें स्थानीय युवा बढ़ चढ़कर भाग लेंगे। साथ ही मंडल स्तर पर भी कार्यक्रम होंगे एवं अस्पतालों में मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे। जिला अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में भाजपा 400 पर का नारा पूरा करने जा रही है एवं देश को कांग्रेस मुक्त करने की मुहिम भी संपन्न होने जा रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता भली भांति जानती है कि मोदी सरकार दोबारा सत्ता में आ रही है एवं हर गली चौराहों में इसी बात की चर्चा बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी भाजपा का परचम लहराने के लिए लगातार कार्यरत हैं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।