डीसी गंधर्वा राठौड़ ने बमसन की पंचायतों में लिया विकास कार्यों का जायजा

हमीरपुर।

उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने मंगलवार को विकास खंड बमसन (टौणी देवी) की विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा करके विभिन्न विकास कार्यों, विशेषकर जल संरक्षण से संबंधित कार्यों का जायजा लिया तथा संबंधित पंचायत जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। इस दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों और महिला मंडल भवनों का भी निरीक्षण किया।
उपायुक्त ने ग्राम पंचायत बारीं के आंगनवाड़ी केंद्रों के निरीक्षण के दौरान इनका रिकॉर्ड भी चेक किया तथा संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से विभिन्न योजनाओं की विस्तृत रिपोर्ट ली। उपायुक्त ने गांव चाहड़ के महिला मंडल की सदस्यों के साथ संवाद करके विभिन्न योजनाओं के बारे में महत्वपूर्ण फीडबैक लिया तथा महिलाओं से नशा निवारण अभियान और सफाई अभियान मंे सक्रिय योगदान की अपील भी की। उपायुक्त ने गांव बारीं में भी महिला मंडल की सदस्यों के साथ संवाद किया और गांव के पुराने कुएं की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान बीडीओ वैशाली शर्मा, ग्राम पंचायत बारीं के प्रधान राजीव चौहान, उप प्रधान अशोक कुमार, वार्ड पंच रीना कुमारी, अंजू देवी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।