केसीसी बैंक की टिक्कर खातरियां शाखा ने चलाया जागरुकता अभियान

हमीरपुर ।

कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक की टिक्कर खातरियां शाखा ने आम लोगों को बैंक की विभिन्न ऋण एवं जमा योजनाओं, पेंशन एवं बीमा योजनाओं और डिजिटल बैंकिंग से अवगत करवाने तथा डिजिटल ठगी से बचाव के प्रति जागरुक करने के उद्देश्य से नाबार्ड के सहयोग से जागरुकता अभियान आरंभ किया है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत टिक्कर बुहला के गांव घलेड़ा में भी वित्तीय साक्षरता एवं जागरुकता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर के दौरान शाखा के प्रबंधक मोहिंद्र चौहान और अन्य अधिकारियों ने गांववासियों को विभिन्न बैकिंग प्रक्रियाओं, ऋण योजनाओं, किसान क्रेडिट कार्ड, बीमा योजनाओं, पेंशन योजना और अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान बैंक के अधिकारियों ने लोगों को डिजिटल बैंकिंग की जानकारी भी दी तथा डिजिटल ठगी से बचाव के उपाय बताए।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित पंचायत प्रधान बबिता कुमारी, उपप्रधान मनोज कुमार, जगदीश चंद, दिनेश कुमार और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
शाखा प्रबंधक ने बताया कि बैंक ने इस सप्ताह अन्य स्थानों पर भी जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए हैं। उन्होंने बताया कि सहकारी समिति कंजयाण और कृषि सहकारी सभा सिकांदर में आयोजित जागरुकता कार्यक्रमों में उक्त सहकारी सभाओं के पदाधिकारियों और सदस्यों को कंप्यूटरीकरण के लाभ तथा इसके माध्यम से सहकारी सभाओं के कार्याें में आने वाली दक्षता और पारदर्शिता के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।