हमीरपुर में शुरू हुआ राज्य नशा निवारण बोर्ड के कार्यालय का संचालन

हमीरपुर ।

शिमला से हमीरपुर स्थानांतरित किए गए राज्य नशा निवारण बोर्ड के कार्यालय का संचालन सोमवार से यहां उपायुक्त कार्यालय परिसर के बचत भवन में विधिवत रूप से आरंभ हो गया। बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर ने सोमवार सुबह करीब 11ः30 बजे मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू और अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति में इस नए कार्यालय में विधिवत रूप से कार्यभार संभाल लिया।
हमीरपुर में बोर्ड के कार्यालय की स्थापना के लिए नरेश ठाकुर को बधाई देते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ एक बहुत बड़ा अभियान शुरू किया है। इस अभियान को गति प्रदान करने में बोर्ड का यह कार्यालय महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा। सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि नरेश ठाकुर ने विद्यार्थी जीवन से ही विभिन्न संगठनों में कई बड़ी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन किया है और राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार के रूप में भी वह सरकार, प्रशासन, मीडिया और आम लोगों के सहयोग से नशा विरोधी मुहिम को आगे बढ़ा रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और सुनील शर्मा बिट्टू का आभार व्यक्त करते हुए नरेश ठाकुर ने कहा कि हमीरपुर में राज्य नशा निवारण बोर्ड के कार्यालय की स्थापना प्रत्येक हमीरपुरवासी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नशे के विरुद्ध एक बहुत बड़ी जंग शुरू की है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार बोर्ड इस अभियान को एक जन आंदोलन का रूप देगा। नरेश ठाकुर ने सभी लोगों, विशेषकर युवाओं से नशा विरोधी अभियान में सक्रिय योगदान देने की अपील भी की।
कार्यक्रम में एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, एसडीएम संजीत सिंह, एचपीएमसी के बीओडी मैंबर राजेश ठाकुर, कौशल विकास निगम की जिला समन्वयक निशा कटोच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश आनंद, शहनशाह, राजेश चौधरी, मनोज शर्मा, एडवोकेट भाटिया और कई अन्य कांग्रेसी नेता भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।