अनुराग सिंह ठाकुर ने दिवंगत डेक कैडेट आदित्य शर्मा के परिजनों से मिलकर जताई संवेदना

हमीरपुर/गलोड़,
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने सोमवार को हड़ेटा पंचायत के सिमलां दा ग्रां गांव पहुंचकर मर्चेंट नेवी के दिवंगत डेक कैडेट आदित्य शर्मा के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दिवंगत आदित्य शर्मा के पिता राजेश शर्मा एवं दादा अशोक शर्मा सहित अन्य परिजनों को ढांढस बंधाते हुए इस असहनीय दुःख की घड़ी में हरसंभव सहयोग और संबल प्रदान करने का भरोसा दिलाया।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि युवा आदित्य शर्मा का असामयिक निधन पूरे हिमाचल प्रदेश और देश के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। इतनी कम उम्र में देश का एक होनहार नौजवान दुनिया से विदा हो गया, जिसकी क्षति कभी पूरी नहीं की जा सकती। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।

गौरतलब है कि 10 जून को ओमान तट के निकट होर्मुज जलडमरूमध्य क्षेत्र में पलाऊ ध्वज वाले तेल टैंकर ‘एमटी सेट्टेबेलो’ पर हुए अमेरिकी सैन्य हमले में 23 वर्षीय डेक कैडेट आदित्य शर्मा सहित तीन भारतीय नाविकों की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु हो गई थी। इस दुखद घटना के बाद अनुराग सिंह ठाकुर लगातार विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावास मस्कट, नौवहन मंत्रालय, जिला प्रशासन तथा संबंधित एजेंसियों के संपर्क में रहे और दिवंगत आदित्य शर्मा के पार्थिव शरीर को शीघ्र भारत लाने के लिए लगातार समन्वय स्थापित करते रहे।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा, “जैसे ही इस दुखद घटना की जानकारी मिली, मैंने विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावास और संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा। हमारी प्राथमिकता थी कि दिवंगत आदित्य शर्मा के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक शीघ्र भारत लाया जाए, ताकि परिवार अपने बेटे को अंतिम विदाई दे सके। केंद्र सरकार और विभिन्न एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से यह प्रक्रिया पूरी हुई। इस कठिन समय में पूरा देश और हम सब परिवार के साथ खड़े हैं।”

उन्होंने कहा कि समुद्री क्षेत्र में कार्यरत भारतीय नाविक देश की अर्थव्यवस्था और वैश्विक समुद्री गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा भारत सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।