नारी शक्ति वंदन विधेयक का विरोध कांग्रेस की महिला विरोधी सोच का परिचायक: कमलेश कुमारी

हमीरपुर,
भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश कार्य समिति सदस्य एवं पूर्व विधायक कमलेश कुमारी ने हमीरपुर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन विधेयक का विरोध विपक्ष की महिला विरोधी मानसिकता को उजागर करता है। इस अवसर पर महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष अर्चना चौहान भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

कमलेश कुमारी ने कहा कि जो दल वर्षों से महिलाओं को अधिकार, सम्मान और भागीदारी देने की बात करते रहे, आज वे अपने वास्तविक स्वरूप में सामने आ गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल केवल वोट बैंक की राजनीति करते हैं और महिलाओं को वास्तविक अधिकार देने के प्रति कभी गंभीर नहीं रहे।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए अनेक ऐतिहासिक पहल की हैं। नारी शक्ति वंदन विधेयक इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण और परिवर्तनकारी कदम है, जो देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

पूर्व विधायक ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों का रवैया यह स्पष्ट करता है कि वे महिलाओं को समान अधिकार देने के पक्षधर नहीं रहे। लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने महिला आरक्षण को केवल चुनावी मुद्दा बनाए रखा और उसे लागू करने का साहस नहीं दिखाया। अब जब भाजपा सरकार ने इस दिशा में ठोस पहल की है, तो विपक्ष उसका विरोध कर रहा है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि देश की महिलाएं अब जागरूक हैं और वे उन राजनीतिक दलों को पहचान चुकी हैं, जो केवल वोट बैंक की राजनीति करते हैं। आने वाले समय में महिलाएं ऐसे दलों को उचित जवाब देंगी। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन विधेयक महिला सशक्तिकरण के नए युग की शुरुआत करेगा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी को सुदृढ़ करेगा।

इस अवसर पर महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष अर्चना चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा महिलाओं के उत्थान को प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए कदमों ने महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए हैं। नारी शक्ति वंदन विधेयक इसी सोच का विस्तार है, जो महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करेगा।

उन्होंने भी कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद उन्होंने महिला आरक्षण को केवल राजनीतिक मुद्दा बनाए रखा, जबकि भाजपा सरकार ने इसे लागू करने की दिशा में ठोस कदम उठाया है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।