ईएसआईसी की योजनाओं का लाभ उठाएं निजी क्षेत्र के कर्मचारी

हमीरपुर।
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) की विभिन्न योजनाओं का लाभ निजी क्षेत्र के सभी पात्र कर्मचारियों तक पहुंचाने तथा नियोक्ता और कर्मचारियों के पंजीकरण को बढ़ावा देने के लिए बुधवार को सलासी स्थित होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम) हमीरपुर में एक जागरुकता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर की अध्यक्षता करते हुए निगम के क्षेत्रीय निदेशक कर्नल (सेवानिवृत्त) मनजीत कटोच ने बताया कि निजी क्षेत्र के कर्मचारियों के लिए निगम के माध्यम से कई सामाजिक सुरक्षा योजनाएं चलाई जा रही हैं। सभी पात्र कर्मचारियों को इनका लाभ उठाना चाहिए तथा सभी नियोक्ताओं को अपने कर्मचारियों का पंजीकरण करवाना चाहिए। उन्होंने बताया कि नियोक्ताओं और कर्मचारियों के पंजीकरण को बढ़ावा देने के लिए निगम ने स्प्री-2025 योजना आरंभ की गई है। इस योजना के तहत एक जुलाई से 31 दिसंबर तक विशेष जागरुकता एवं पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है।
योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए ईएसआईसी के शाखा प्रबंधक अमित कुमार ने बताया कि 10 या इससे अधिक कर्मचारियों को रोजगार देने वाले उद्यमों एवं संस्थानों  और इनके कर्मचारियों को ईएसआईसी के तहत पंजीकृत किया जाता है, ताकि इन कर्मचारियों को ईएसआई एक्ट के तहत विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से लाभान्वित किया जा सके। जो नियोक्ता और कर्मचारी अभी तक पंजीकृत नहीं हुए हैं, उन्हें स्प्री-2025 योजना के तहत पंजीकृत करते समय उनसे पिछला रिकॉर्ड या बकाया नहीं लिया जाएगा।
अमित कुमार ने बताया कि इस योजना के तहत नियोक्ता ईएसआईसी पोर्टल, श्रम सुविधा और एमसीए पोर्टल के माध्यम से अपनी इकाइयों एवं संस्थानों और कर्मचारियों को ऑनलाइन पंजीकृत कर सकते हैं। यह पंजीकरण नियोक्ता द्वारा घोषित तिथि से वैध माना जाएगा। पंजीकरण से पहले की अवधि के लिए कोई अंशदान या हित-लाभ लागू नहीं होगा तथा उस अवधि का रिकॉर्ड भी नहीं मांगा जाएगा। उन्होंने बताया कि स्प्री योजना शुरू होने से पहले निर्दिष्ट समय-सीमा के भीतर पंजीकरण न करने पर कानूनी कार्रवाई का प्रावधान और पिछली तिथि से बकाया राशि की मांग की जा सकती थी। लेकिन, अब स्प्री-2025 योजना में इन सख्त प्रावधानों का खत्म कर दिया गया है, जिसका उद्देश्य छूटे हुए प्रतिष्ठानों और श्रमिकों को ईएसआई के दायरे में लाकर उन्हें लाभान्वित करना है।
शिविर में ईपीएफओ की प्रवर्तन अधिकारी शरनजीत कौर, हमीरपुर की श्रम कल्याण अधिकारी रश्मि ठाकुर, स्वास्थ्य विभाग के डॉ दिनेश कुमार, आईएचएम के विभागाध्यक्ष पुनीत बंटा, निजी स्कूल एसोसिएशन के पदाधिकारी अमित कुमार, अन्य उद्यमों एवं संस्थानों के नियोक्ता, श्रम संगठनों के पदाधिकारी और ईएसआईसी के लाभार्थी भी उपस्थित थे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।