पीडब्ल्यूडी में नियुक्त होंगे पोस्ट कोड-970 के कनिष्ठ अभियंता

हमीरपुर ।

प्रदेश सरकार ने कनिष्ठ अभियंता (सिविल) पोस्ट कोड-970 की परीक्षा दे चुके आवेदकों को बहुत बड़ी राहत प्रदान की है। इस परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को अब प्रदेश सरकार ने लोक निर्माण विभाग में नियुक्ति देने का निर्णय लिया है।
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि वन विभाग की इंजीनियरिंग विंग में कनिष्ठ अभियंता के 11 पदों को कांट्रेक्ट आधार पर भरने के लिए पूर्ववर्ती हिमाचल प्रदेश अधीनस्थ सेवाएं आयोग ने पोस्ट कोड-970 के तहत परीक्षा आयोजित की थी, लेकिन वन विभाग की इंजीनियरिंग विंग के बंद होने के कारण प्रदेश सरकार ने कनिष्ठ अभियंता के इन 11 में से 10 पदों को लोक निर्माण विभाग में शामिल करने का निर्णय लिया है। इन 10 पदों में सामान्य अनारक्षित वर्ग के 6, ईडब्ल्यूएस वर्ग का एक और अन्य पिछड़ा वर्ग अनारक्षित के 3 पद शामिल हैं।
डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि आयोग अब शीघ्र ही इस परीक्षा का परिणाम घोषित करके 10 सफल उम्मीदवारों की लोक निर्माण विभाग में नियुक्ति की अनुशंसा करेगा।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।