श्रेष्ठा’ स्कीम के नाम पर किसी भी तरह के झांसे में न आएं आवासीय स्कूल

हमीरपुर ।

उपायुक्त अमरजीत सिंह ने जिला के प्राइवेट आवासीय स्कूलों के संचालकों से अपील की है कि वे सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के माध्यम से क्रियान्वित की जा रही स्कीम फॉर रेजिडेंशियल एजूकेशन फॉर स्टूडेंट्स इन हाई स्कूल्स इन टारगेट्ड एरियाज (श्रेष्ठा) के संबंध में किसी भी तरह के झांसे में न आएं।
उपायुक्त ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की ओर से प्राप्त पत्र के अनुसार इस योजना के तहत पंजीकरण के नाम पर कुछ व्यक्तियों और संस्थाओं द्वारा पैसे की उगाही के मामलों का पता चला है। इसको देखते हुए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने एडवायजरी जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि ‘श्रेष्ठा’ योजना के अंतर्गत पंजीकरण के लिए मंत्रालय पात्र प्राइवेट आवासीय स्कूलों की सूची सीधे सीबीएसई से लेता है। इस योजना में किसी भी स्कूल के स्वतंत्र पंजीकरण का प्रावधान ही नहीं है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने अपने पत्र में यह भी स्पष्ट किया है कि वित्तीय वर्ष 2021-22 से इस योजना के तहत किसी भी नए स्कूल या किसी स्वयंसेवी संस्था के हॉस्टल के लिए वित्तीय मदद के प्रावधान की अनुमति भी नहीं है।
इसके बावजूद अगर कोई व्यक्ति या संस्था ‘श्रेष्ठा’ योजना के तहत पंजीकरण करवाने की एवज में धनराशि की डिमांड करती है तो उसे ठगी का मामला माना जाए।
उपायुक्त ने बताया कि इस योजना के बारे में किसी भी तरह की जानकारी के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की वेबसाइट सोशलजस्टिस.जीओवी.इन socialjustice.gov.in पर लॉग इन किया जा सकता है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।