भाजपा को ले डूबेंगे नए सलाहकार, पुराने भाजपाईयों में धधक रही असंतोष की ज्वाला : कांग्रेस

शिमला।

कांग्रेस विधायक सुरेश कुमार, रणजीत सिंह राणा और कांगड़ा सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने संयुक्त प्रेस वक्तव्य में कहा कि भाजपा में शामिल होने के बाद राजेंद्र राणा और आशीष शर्मा स्वामी भक्ति दिखाने के लिए तथ्यहीन बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुरानी भाजपा के नेताओं को आज इन नई भाजपा के नेताओं से सबसे बड़ा खतरा पैदा हो गया है और पुराने भाजपाईयों में असंतोष की ज्वाला धधक रही है। तीनों नेताओं ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में पूरी तरह से स्थिर है और अपना पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता पहले भी सरकार बनाने की तारीख देते आए हैं, लेकिन जनता ने उनके ऑपरेशन लोटस को खारिज करते हुए कांग्रेस विधायकों की संख्या को फिर से 40 पर पहुंचा दिया है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा में सलाहकारों की एक नई-नई फौज तैयार हुई है जो प्रदेश के हितों के विरूद्ध दुष्प्रचार कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नए सलाहकार भाजपा को ले डूबेंगे। जो कांग्रेस के नहीं हुए, वे भाजपा के क्या होंगे। कांग्रेस सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगाने वाले अपने कारनामों को भूल गए हैं।

उन्होंने कहा कि हमीरपुर से एक भाजपा विधायक अवैध खनन के सबसे बड़े माफिया हैं। पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान हिमाचल प्रदेश के हितों की नीलामी की गई और डबल इंजन सरकार ने प्रदेश की सम्पदा को लुटा दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने भ्रष्टाचार के चोर दरवाजे बंद कर मात्र एक वर्ष में 2200 करोड़ रूपये से अधिक का अतिरिक्त राजस्व अर्जित किया है और इस पैसे से प्रदेश के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए मुख्यमंत्री योजनाएं बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि दो वर्ष से कम अवधि में कांग्रेस सरकार ने जनता को दी गई 10 गारंटियों में से पांच को पूरा कर दिया है। उन्होंने कहा कि इन पांच गारंटियों को पूरा करने के लिए एक वर्ष में अर्जित किए गए अतिरिक्त राजस्व से कम धनराशि खर्च की गई।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।