दियोटसिद्ध के दुकानदारों को दी जाएगी खाद्य सुरक्षा की ट्रेनिंग : अमरजीत सिंह

हमीरपुर ।

प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा बालक नाथ मंदिर के प्रसाद एवं रोट की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधीश एवं मंदिर के आयुक्त अमरजीत सिंह ने खाद्य एवं सुरक्षा विभाग और मंदिर ट्रस्ट के अधिकारियों तथा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को विशेष निर्देश जारी किए हैं।
बुधवार को इन अधिकारियों तथा दियोटसिद्ध बाजार के व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक में जिलाधीश ने कहा कि बाबा के रोट और प्रसाद की गुणवत्ता में किसी भी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए रोट के बनाने की तिथि और इसकी गुणवत्ता की अवधि दर्शाना अत्यंत आवश्यक है। खाद्य सुरक्षा कानून और लैब की रिपोर्ट के आधार पर ही रोट की गुणवत्ता की अवधि तय की जाएगी। खाद्य एवं सुरक्षा विभाग के अधिकारी इस दिशा में त्वरित कदम उठाएं। जिलाधीश ने खाद्य एवं सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को 26 नवंबर को दियोटसिद्ध के व्यापारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
बैठक में खाद्य एवं सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त अनिल शर्मा ने विभाग की ओर से उठाए जा रहे विभिन्न कदमों की जानकारी दी। इस अवसर पर व्यापार मंडल दियोटसिद्ध के उपप्रधान ऋषि गुप्ता, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मधु बाला और अन्य अधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।