सठवीं की महिलाओं ने सीखी मशरूम की खेती

हमीरपुर ।

पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) की ओर से बड़सर उपमंडल के गांव सठवीं की महिलाओं के लिए उनके गांव में ही आयोजित दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुक्रवार को संपन्न हो गया।
शिविर के समापन के बाद इन महिलाओं को मट्टनसिद्ध स्थित आरसेटी के परिसर में प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। प्रमाण पत्र वितरण समारोह में आईटीआई हमीरपुर के प्रधानाचार्य सुभाष चंद शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने प्रतिभागी महिलाओं को उद्यमिता के संबंध में कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं तथा अपना उद्यम स्थापित करने के लिए बैंकों की ऋण योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
आरसेटी के निदेशक अजय कतना ने संस्थान की ओर से आयोजित किए जा रहे विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बारे में बताया। प्रमाण पत्र वितरण समारोह में वित्तीय साक्षरता सलाहकार जीसी भट्टी, शिविर के मूल्यांकन विशेषज्ञ रविंद्र शर्मा, देवी राम और आरसेटी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।