12 अगस्त को ली जाएगी नशामुक्ति की शपथ

हमीरपुर ,

नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 12 अगस्त को जिला हमीरपुर में भी सभी स्कूल-कालेजों, विश्वविद्यालयों, व्यावसायिक शिक्षण संस्थानों और अन्य संस्थानों एवं कार्यालयों में नशामुक्ति की शपथ ली जाएगी।
उपायुक्त अमरजीत सिंह ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से चलाए जा रहे नशा मुक्त भारत अभियान में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी बहुत जरूरी है। तभी हम अपनी युवा पीढ़ी को नशे के जाल से बचा सकते हैं।
उन्होंने शिक्षा विभाग, तकनीकी शिक्षा विभाग और जिला के सभी शिक्षण संस्थानों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे 12 अगस्त को सुबह 9 बजे नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत ली जाने वाली शपथ के लिए सभी आवश्यक प्रबंध करें तथा इसमें सभी विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने बताया कि शपथ के अलावा शिक्षण संस्थानों में ‘विकसित भारत का मंत्र, भारत हो नशे से स्वतंत्र’ विषय पर आधारित भाषण प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, रैलियां, पौधारोपण, खेलकूद, मैराथन और अन्य गतिविधियां भी आयोजित की जा सकती हैं।
उपायुक्त ने अन्य सभी विभागों के अधिकारियों को भी नशा मुक्ति की शपथ लेकर इस अभियान में योगदान देने के निर्देश दिए हैं। अमरजीत सिंह ने कहा कि इन सभी गतिविधियों से संबंधित फोटो, वीडियो और मीडिया कवरेज की रिपोर्ट 15 अगस्त तक जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय को प्रेषित करें, ताकि इन्हें नशा मुक्त भारत अभियान ऐप पर अपलोड किया जा सके।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।