महिला सशक्तिकरण शिविर में दी भारतीय न्याय संहिता की जानकारी

हमीरपुर ।

महिला एवं बाल विकास विभाग के अंर्तगत मिशन शक्ति संकल्प हब योजना के तहत शनिवार को जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय हमीरपुर के हॉल में महिला सशक्तिकरण पर एक दिवसीय शिविर आयोजित किया गया, जिसमें करीब 80 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और पर्यवेक्षकों ने भाग लिया।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि मिशन शक्ति के अंतर्गत जिला के विभिन्न विकास खंडों में 21 जून से 4 अक्तूबर तक जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों तथा महिलाओं को भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के अलावा मिशन शक्ति के तहत चल रही विभिन्न स्कीमों के बारे में जानकारी दी जा रही है। इनमें मुख्य तौर पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लैंगिक समानता, घरेलू हिंसा, पीसी-पीएनडीटी एक्ट, सखी निवास, (पालना) कामकाजी महिला आवास और अन्य योजनाओं तथा अधिनियमों से अवगत करवाया जा रहा है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि हाल ही में लागू किए गए नए कानून भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में विभिन्न प्रकार के अपराधों को रोकने, पीड़ितों को न्याय दिलाने तथा अपराधियों को कड़ी सजा देने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। महिलाओं पर अत्याचार, यौन अपराध, बलात्कार, ताक-झांक, पीछा करना और महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने जैसे अपराध, भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाले कृत्यों, अपहरण, साइबर अपराध, बच्चों के साथ यौन अपराध और कई अन्य अपराधों से पीड़ित लोगों को न्याय दिलाने के लिए भारतीय न्याय संहिता में प्रावधान किए गए हैं।
इस मौके पर सुजानपुर के बाल विकास परियोजना अधिकारी कुलदीप चौहान ने भी महिलाओं के खिलाफ यौन अपराध आदि विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। मिशन शक्ति की जिला समन्वयक कल्पना ठाकुर ने संकल्प हब के तहत चल रही विभिन्न योजनाओं जैसे वन स्टॉप सेंटर और इसमें उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
शिविर में मिशन शक्ति की जैंडर स्पेशलिस्ट वंदना और निशा, फाइनेंशियल लिटरेसी स्पेशलिस्ट नीतू, प्रदीप, साहिल और अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।