लेखिका रजनी बाला ने डीसी गंधर्वा राठौड़ को भेंट किया लघु उपन्यास ‘धुंध और परछाई’

हमीरपुर 24 अक्तूबर।

जिला हमीरपुर की प्रसिद्ध लेखिका रजनी बाला ने शनिवार को उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ को अपने नव-प्रकाशित लघु उपन्यास ‘धुंध और परछाई’ की प्रति भेंट की। उपायुक्त ने रजनी बाला की इस साहित्यिक कृति की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
रजनी बाला का यह लघु उपन्यास आज की युवा पीढ़ी की मानसिकता पर आधारित एक यथार्थवादी रचना है। पुस्तक दर्शाती है कि किस प्रकार आकर्षण और स्वार्थ के भटकाव में पड़कर कई युवा अपना कीमती समय व कॅरियर दांव पर लगा देते हैं। यह उपन्यास विपरीत परिस्थितियों से उबरकर आत्मनिर्भर बनने और दृढ़ संकल्प से सफलता पाने का एक सशक्त संदेश भी देता है।
हिंदी में एमए और एमफिल डिग्रीधारक रजनी बाला लगभग तीन दशकों से अध्यापन, सृजन एवं लेखन से जुड़ी हुई हैं। लंबे और समृद्ध शिक्षण अनुभव के बाद उन्होंने इसी वर्ष अपनी सेवा से विराम लिया, ताकि अपने साहित्यिक सरोकारों को पूर्ण विस्तार दे सके। एक संवेदनशील कवयित्री के रूप में वह विभिन्न मंचों पर आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित कवि सम्मेलनों में सक्रिय रूप से भाग लेकर अपनी कविताओं की प्रस्तुतियां देती रही हैं।
रचनात्मकता के साथ-साथ उनके जीवन में खेल और संस्कृति का भी गहरा प्रभाव रहा। वह स्कूल और कालेज स्तर पर हॉकी की बेहतरीन खिलाड़ी रही हैं। सांस्कृतिक एवं साहित्यिक गतिविधियों में भी वह अग्रणी रही हैं।
अध्यापन के दौरान विद्यार्थियों के बीच बिताए बहुत लंबे समय और इन बहुविध अनुभवों ने उन्हें मानवीय स्वभाव की जो गहरी समझ दी है, वह उनकी इस कृति में महसूस की जा सकती है। ‘धुंध और परछाई’ केवल एक उपन्यास नहीं, बल्कि जीवन की वास्तविक सच्चाई और रिश्तों की तहों को खोलती एक अनूठी रचना है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।