दुगनेहड़ा हमीरपुर विद्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन

हमीरपुर,

हिम अकादमी पब्लिक स्कूल दुगनेहड़ा हमीरपुर विद्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर
विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता
एवं देशभक्ति के मूल्यों को जागृत करना रहा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से गांधी जी के विचारों को
प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कक्षा चौथी के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत लघु नाटिका (स्किट) ने स्वच्छता और अपने
आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। बच्चों की सहज एवं प्रभावशाली प्रस्तुति ने सभी का ध्यान
आकर्षित किया।
इस अवसर पर एक विद्यार्थी ने स्वच्छता अभियान पर कविता वाचन किया, जबकि विद्यार्थियों के एक समूह ने
संगीतमय प्रस्तुति एवं गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भावपूर्ण बना दिया। विद्यार्थियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के
जीवन एवं विचारों पर भाषण भी प्रस्तुत किए। साथ ही, देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के
संदर्भ में उनके जीवन, सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति समर्पण पर भी विद्यार्थियों ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के साथ-साथ सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा जैसे मूल्यों
को अपनाने का संदेश दिया। विभिन्न प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और रचनात्मक प्रतिभा को भी उजागर
किया।
विद्यालय में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को
अपने जीवन में अपनाने तथा स्वच्छ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।