9-10 को हर बूथ पर चलेगा मतदाता पंजीकरण अभियान

हमीरपुर ।
जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनर्निरीक्षण-2025 के तहत नए पात्र लोगों और किन्हीं कारणों से पूर्व में छूटे लोगों के नाम मतदाता सूचियों में शामिल करने, अपात्र लोगों के नाम इन सूचियों से हटाने तथा मतदाता सूचियों में अशुद्धियों को दुरुस्त करने के लिए 9, 10, 23 और 24 नवंबर को जिला के हर मतदान केंद्र पर विशेष अभियान चलाया जाएगा।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अमरजीत सिंह ने बताया कि जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनर्निरीक्षण 29 अक्तूबर से 28 नवंबर तक किया जा रहा है। इसी के तहत 9-10 और 23-24 नवंबर को जिला के सभी 532 मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी बूथ लेवल अधिकारियों को सभी पात्र लोगों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी बूथ लेवल एजेंटों और आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है।
अमरजीत सिंह ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार 13 और 26 नवंबर को शैक्षणिक संस्थानों में बीएलओ हेल्प डेस्क लगाए जाएंगे, जिनमें छूटे हुए विद्यार्थी अपने दस्तावेज बूथ लेवल अधिकारियों को जमा करवा सकते हैं। इसके अतिरिक्त पात्र लोग स्वयं भी अपने नाम मतदाता सूचियों में दर्ज करवाने के लिए वोटर हेल्पलाइन ऐप, वेबपोर्टल एनवीएसपी.इन nvsp.in या सीईओहिमाचल.एनआईसी.इन ceohimachal.nic.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
 जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 28 नवंबर तक प्राप्त दावों या आपत्तियों का निपटारा 24 दिसंबर तक कर लिया जाएगा और 6 जनवरी को मतदाता सूचियां अंतिम रूप से प्रकाशित कर दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि अगले वर्ष एक अक्तूबर को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने जा रहे युवा भी अपने नाम मतदाता सूचियों में दर्ज करवाने के लिए अग्रिम रूप से अपने आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।