बड़सर में जमीन के सर्कल रेट पर आपत्तियां या सुझाव 29 मार्च तक

बड़सर 25 मार्च। एसडीएम बड़सर राजेंद्र गौतम ने बताया कि उपमंडल के अंतर्गत आने वाली तहसील बड़सर और ढटवाल (बिझड़ी) तथा उपतहसील भोटा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए जमीन के सर्कल रेट तय कर दिए गए हैं। ये रेट पहली अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 तक की अवधि के लिए तय किए गए हैं।
एसडीएम ने कहा कि तहसीलदार बड़सर, तहसीलदार ढटवाल (बिझड़ी) और नायब तहसीलदार भोटा द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों के लिए निर्धारित की गई जमीन की इन दरों के संबंध में अगर किसी व्यक्ति को कोई आपत्ति है या फिर वह इनके संबंध में अपना सुझाव देना चाहता है तो वह अपनी आपत्तियां या सुझाव 29 मार्च तक एसडीएम कार्यालय बड़सर में दर्ज करवा सकता है या डाक द्वारा भेज सकता है।
एसडीएम ने कहा कि इस तिथि के बाद कोई भी आपत्ति या सुझाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।